एलपीजी ग्राहकों के बारे में जानकारी हासिल करने के उद्देश्य से भरे जाने वाले ‘नो योर कस्टमर’ (केवाईसी) फॉर्म भरने की समय सीमा को बढ़ाकर सरकार ने इस महीने के अंत तक कर दिया है।
एक से ज्यादा और फर्जी कनेक्शन के बारे में जानकारी इकठ्ठा करने के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की समय सीमा पहले भी 15 दिन बढ़ाकर 15 नवंबर तक कर दी गई थी। एक तेल कंपनी के अधिकारी ने बताया कि तेल कंपनियों के आग्रह पर सरकार ने इसे 30 नवंबर तक बढ़ा दिया है।
इस साल सितंबर में सब्सिडी वाले गैस सिलेंडरों की सीमा 6 तक सीमित करने के बाद सरकार ने यह अभियान शुरू किया था। अधिकारी का कहना है कि तेल कंपनियां सिर्फ एक ही सिद्धांत पर चल रही हैं, ‘एक घर, एक कनेक्शन’ और ग्राहकों से कहा गया है कि वह अतिरिक्त कनेक्शन को वापस कर दें। एक ही पते पर दो गैस कनेक्शन पाए जाने पर दोनों कनेक्शनों को रद्द कर दिया जाएगा।