पाकिस्तान में स्थित आतंकी संगठन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा से पहले देश में ‘बड़ा हमला’ करने की फिराक में हैं। इसी के चलते सीमा पर पाकिस्तान की ओर से लगातार फायरिंग की जा रही है ताकि इस आड़ में आतंकियों की जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कराई जा सके।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कहा है कि पाकिस्तान जम्मू व कश्मीर में आतंकियों का प्रवेश कराने की कोशिश कर रहा है और इसी वजह से सीमा पर फायरिंग हो रही है। इसमें कोई शक नहीं है।
खुफिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा समेत कुल आठ स्थानों पर आतंकी ‘बड़ा हमला’ करने की साजिश रच रहे हैं। हमें जानकारी मिली है कि इस काम में पाकिस्तानी सेना भी उनका साथ दे रही है।
जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर में सीमा पार कम से कम 40-50 आतंकी घुसपैठ के इंतजार में हैं। इसी सेक्टर में बीएसएफ और पाकिस्तानी रेंजर्स के बीच फायरिंग भी हो रही है।