सेबी ने भारतीय पूंजी बाजार में आतंकवादियों की घुसपैठ के प्रति आगाह किया है। बाजार नियामक ने देश में शेयर बाजारों और दूसरे निकायों को ताजा चेतावनी जारी करते हुए उन्हें तालिबान और अलकायदा से जुड़े संगठनों और लोगों के अलावा दाऊद इब्राहिम से भी सावधान रहने को कहा है।
सेबी की ओर से जारी सर्कुलर में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की ओर से जारी वह सूची भी शामिल है, जिसमें प्रतिबंधित संगठनों के तौर पर अलकायदा और तालिबान भी हैं। इसमें सभी शेयर बाजारों और ब्रोकरों को कहा गया है वह नई सूची पर गौर करें और मौजूदा निर्देशों के मुताबिक काम करें।
हालांकि सेबी के वरिष्ठ अधिकारियों और बाजार से जुड़े आला अफसरों ने कहा है कि अब तक किसी कंपनी या ब्रोकर हाउस के आतंकवादी संगठनों से जुड़े होने का कोई मामला सामने नहीं आया है। फिर भी ऐसे मामलों के संदर्भ में नियमों और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर नजर रखना जरूरी है।