पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के मुद्दे पर हिंसा और आगजनी के शिकार मालदा जिले के कालियाचक इलाके में अब भी तनाव कायम है। दूसरी ओर, इस मुद्दे पर राजनीति गर्माने लगी है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के 18 जनवरी को इलाके का दौरा करने की संभावना है।
भाजपा ने राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी से भी इस मुद्दे पर हस्तक्षेप करने की मांग की है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सरकार से मालदा की हिंसा पर जो रिपोर्ट मांगी थी उसके शुक्रवार तक भेजे जाने की संभावना है। कालियाचक इलाके में हुई हिंसा व आगजनी के मामले में कोई नई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पहले जिन दस लोगों को गिरफ्तार किया गया था, वे पुलिस हिरासत में हैं। दूसरी ओर, भाजपा ने इस मुद्दे पर दबाव बढ़ाना शुरू कर दिया है। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार शाम को राजभवन में राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी से मुलाकात की और उनसे इस मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात करने का अनुरोध किया।
भाजपा ने लगाया टीएमसी पर आरोप
भाजपा सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह संभवत: 18
जनवरी को मालदा का दौरा करेंगे। केंद्र ने बुधवार तक इस मामले में राज्य
सरकार से रिपोर्ट मांगी थी। राज्य सचिवालय सूत्रों का कहना है कि रिपोर्ट
तैयार की जा रही है और इसे जल्दी ही भेज दिया जाएगा।
बुधवार को भाजपा के एक
प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने मौके पर जाने से रोक दिया था। भाजपा के पूर्व
प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने आरोप लगाया है कि सत्तारूढ़ तृणमूल
कांग्रेस कालियाचक की हिंसा में शामिल लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है।
उनका कहना है कि तमाम आपराधिक रिकार्डों को नष्ट करने के लिए ही थाने में
आग लगाई गई थी और अब तक मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
थाने में बड़े पैमाने पर फेरबदल
मालदा जिला प्रशासन ने रविवार को कालियाचक इलाके में बड़े पैमाने पर हुई हिंसा और आगजनी के चार दिनों बाद कालियाचक थाने में तैनात कई अफसरों और कांस्टेबलों का तबादला कर दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक मोदी ने इस फेरबदल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सात-आठ ऐसे इंस्पेक्टरों और सब-इंस्पेक्टरों को कालियाचक थाने में दोबारा तैनात किया गया है, जो पहले भी इस इलाके में काम कर चुके हैं। कालियाचक थाने के सात-आठ पुलिसकर्मियों को दूसरे थानों में भेज दिया गया है।
हालांकि उन्होंने इसे एक अस्थायी व्यवस्था बताया है। अभिषेक ने बताया कि कालियाचक थाने के नौ कांस्टेबलों का भी दूसरे थानों में तबादला किया गया है।