फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: फेसबुक पर देवी-देवताओं के अश्लील पोस्ट

Thu, 05 Feb 2015 12:25 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ, अलीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ में शरारती तत्व धार्मिक भावनाएं भड़काकर जिले का सौहार्द बिगाड़ने की साजिश रच रहे हैं। धार्मिक स्थल को क्षतिग्रस्त करने और इमाम से मारपीट के बाद अब फेसबुक पर देवी की आपत्तिजनक तस्वीर अपलोड करने से तनाव उत्पन्न हो गया है। बुधवार को इसे लेकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन थाने में हंगामा किया। एसपी सिटी ने पांच दिन में इसका खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन


शरारती तत्व फेसबुक पर लगातार तीन दिन से देवी की आपत्तिजनक तस्वीर अपलोड कर रहे हैं। इस पर हिंदू संगठन और बजरंग दल का गुस्सा फूट पड़ा। दोनों संगठनों ने थाने पर धरना देकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। यहां करीब तीन घंटे तक हंगामा चला।

सीओ सिविल लाइन वंदना मिश्रा और सीओ एलआईयू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने आरोपी अब्दुल हसन के खिलाफ तत्काल केस दर्ज करने की मांग की। फेसबुक पर जिस आईडी से फोटो अपलोड किया गया है, वह अब्दुल हसन नाम के किसी शख्स की है। हंगामे की सूचना पर एसपी सिटी ओमप्रकाश भी पुलिस टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने पांच दिन में आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन


थाने में हनुमान चालीसा पाठ:
हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं ने थाने में ही धरना देकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक समुदाय के युवक ने देवी का आपत्तिजनक फोटो अपलोड कर हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। हालात बेकाबू होने पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स के अलावा पीएसी भी बुलाई गई।

बवाल न करा दें शरारती तत्व:
हाल ही इंचौली क्षेत्र के मामेपुर और सिखैड़ा गांव में शरारती तत्वों ने धार्मिक स्थल को क्षतिग्रस्त कर सांप्रदायिक तनाव फैला दिया था। इसके बाद मंगलवार को ब्रह्मपुरी थाने के सामने इमाम और उनकी पत्नी को पीटा गया, जिससे तनाव की स्थिति बनी। अब आपत्तिजनक तस्वीर का मामला। इससे ऐसा लग रहा है कि शरारती तत्व शहर के अमन-चैन में खलल डालने की साजिश रच रहे हैं।

एसपी सिटी ओमप्रकाश ने बताया कि देवी की आपत्तिजनक तस्वीर अपलोड करने के मामले की जांच साइबर क्राइम टीम को सौंपी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
विज्ञापन

अलीगढ़ में भी बखेड़ा

अलीगढ़ में फेसबुक पर हसनेन आलम नाम के यूजर ने हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड कर नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है। बुधवार को जब इस तरह की आधा दर्जन पोस्ट भाजपा युवा मोर्चा के संज्ञान में आईं, तो जिलाध्यक्ष यतिन दीक्षित के नेतृत्व में तमाम युवा भाजपाई एकत्रित होकर थाना सिविल लाइंस पहुंच गए।

जहां इंस्पेक्टर को पूरे प्रकरण से अवगत कराते हुए उन्हें वह पोस्ट भी साक्ष्य के बतौर दिखाईं। इस आधार पर आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड करने व आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

मुकदमे के अनुसार खुद जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा यतिन दीक्षित निवासी पीडब्ल्यूडी कॉलोनी सिविल लाइंस फेसबुक यूजर हैं। वह देखते हैं कि आए दिन कुछ असामाजिक तत्व हिंदू देवी-देवताओं के आपत्तिजनक चित्र व टिप्पणी अपलोड़ करते रहते हैं। इसी तरह का यह पोस्ट 4 फरवरी की शाम करीब चार बजे उन्होंने देखा तो धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। इसमें किसी का फोटो आपत्तिजनक है तो किसी के चरित्र को लेकर भद्दे शब्दों का प्रयोग किया गया है। इस मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया।

इंस्पेक्टर सिविल लाइंस सूर्यकांत द्विवेदी के अनुसार मुकदमे के आधार पर इसकी जांच कराई जाएगी। प्रथम दृष्टया मामला फेक आईडी से पोस्ट अपलोड करने का प्रतीत हो रहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें