रेलवे ने पैसेंजर ट्रेनों में भी तत्काल बुकिंग शुरू करने का फैसला किया है। अभी यह सुविधा सिर्फ सिर्फ मेल, एक्सप्रेस के अलावा राजधानी, दूरंतो और शताब्दी जैसी प्रीमियर सेवा में ही मुहैया है।
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक मेल और एक्सप्रेस के अलावा अब पैसेंजर ट्रेनों में भी तत्काल स्कीम लागू करने का फैसला किया गया है।
इससे बेहद जरूरी यात्रा करने वाले यात्रियों को सहूलियत हासिल होगी। जिन पैसेंजर ट्रेनों में स्लीपर क्लास होगी उसमें यात्री तत्काल स्कीम का फायदा उठा सकेंगे। यह स्कीम सेकेंड क्लास सीटिंग में भी उपलब्ध होगी।
हालांकि रेल मंत्रालय ने यह स्पष्ट किया है कि यह स्कीम उन्हीं पैसेंजर ट्रेनों पर लागू होगीं, जिनमें पिछले साल साठ फीसदी सीटें भरी रही थीं। जोनल रेलवे की यह जिम्मेदारी होगी कि वह ऐसी ट्रेनों की पहचान करे।
गौरतलब है कि नकदी के संकट से जूझ रहा रेल मंत्रालय तमाम विकल्पों के जरिये राजस्व जुटाने की कोशिश में लगा है।
इस समय पैसेंजर सेगमेंट को 26,000 करोड़ रुपए की सब्सिडी दी जा रही है।
रेलवे एसी फर्स्ट क्लास में भी तत्काल स्कीम लागू करने की योजना बना रहा है। तत्काल स्कीम एसी सेकंड क्लास, एसी थर्ड, एसी एक्जीक्यूटिव और एसी चेयरकार बर्थ में उपलब्ध है।