तहलका पत्रिका के संपादक तरुण तेजपाल ने बुधवार को एक महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी की बात स्वीकार करते हुए अपने पद और ऑफिस से छह महीने तक दूर रहने की पेशकश की है।
इसकी जानकारी उन्होंने मेल के जरिए तहलका की प्रबंध संपादक शोमा चौधरी को दी है। अपने मेल में उन्होंने माफी के साथ ही प्रायश्चित करने की बात भी कही है।
चौधरी को भेजे मेल में तेजपाल ने कहा कि पिछले कुछ दिन काफी कठिन रहे हैं और वह इन सबका दोष स्वीकार करते हैं। एक गलत फैसले, हालातों की गलत व्याख्या करने के चलते एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई जोकि उन चीजों के पूर्णत: खिलाफ है, जिन पर वे सब विश्वास और जिनके लिए संघर्ष करते हैं।
पढ़ें, यौन शोषण मामले में फंसे कांग्रेस के एक और विधायक
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह पहले ही संबंधित पत्रकार से अपने दुर्व्यवहार के लिए बिना शर्त माफी मांग चुके हैं लेकिन उन्हें लगता है कि और प्रायश्चित करने की जरूरत है। तेजपाल तहलका पत्रिका के संस्थापक सदस्य हैं।
उन्होंने आगे लिखा है कि तहलका एक उत्कृष्ट परंपरा की वाहक है और उनके साथ इसका नाम जुड़ा हुआ है। इसलिए केवल शब्दों से प्रायश्चित नहीं होगा। इसलिए वह पत्रिका के संपादक पद और ऑफिस से खुद को अगले 6 महीने तक दूर रखने की पेशकश कर रहे हैं। इसके बाद प्रबंध संपादक चौधरी ने सभी कर्मचारियों को मेल कर इसकी जानकारी दी।