मुगलसराय से बेल्थरारोड जा रहा पेट्रोल से भरा टैंकर शनिवार को रसड़ा क्षेत्र के सोनाईडीह में बाइक सवार को बचाने में पलट गया।
हादसे के बाद ग्रामीण पेट्रोल लूटकर पास की ही एक खाली दुकान में रखने लगे। इसी बीच किसी ने दुकान में पेट्रोमैक्स जला दिया जिससे भड़की आग में सात लोगों की मौत हो गई।
हादसे में 15 लोग झुलस गए जिसमें से पांच की हालत नाजुक है। गंभीर रूप से झुलसे चार लोगों को वाराणसी रेफर किया गया है।
मुगलसराय डिपो से 12 हजार लीटर पेट्रोल लेकर बेल्थरारोड जा रहा टैंकर शनिवार देर शाम 7.40 बजे सोनाईडीह गांव के पास पहुंचा। तभी एक ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रहे बाइक सवार को बचाने में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।
15 लोग झुलसे, 5 की हालत नाजुक
मौके पर पहुंची पुलिस ने टैंकर को क्रेन से उठवाकर घटनास्थल से 500 मीटर दूर खड़ा करा दिया। इसके बाद पुलिस चली गई। टैंकर से करीब आठ हजार लीटर पेट्रोल सड़क पर बह गया। उधर, पलटे टैंकर से ग्रामीण पेट्रोल बर्तनों में भरकर पास की ही एक खाली दुकान में रखने लगे।
इसी बीच रात 11.55 बजे कमरे में रोशनी के लिए किसी ने पेट्रोमैक्स जला दिया। इससे दुकान में आग लग गई। आग दुकान से निकलकर सड़क पर वहां तक पहुंच गई जहां पेट्रोल गिरा था।
लपटें इतनी भयानक थी कि सड़क पर मौजूद ग्रामीणों को वहां से हटने का भी मौका नहीं मिला और सात लोगों की मौत हो गई। जिस दुकान में हादसा हुआ, उसकी कई दीवारें आग से चटक गईं।
आग लगने के करीब आधे घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड टीम आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही डीएम यशवंत राव, एसपी राजू बाबू सिंह भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद झुलसे लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
कब क्या हुआ?
टैंकर पलटा : शाम 7.40 बजे
घटना स्थल से टैंकर हटा : रात 9.40 बजे
गिरे पेट्रोल में आग लगी : 11.55 बजे
फायर ब्रिगेड कर्मियों की टीम पहुंची : 12.25 बजे
घटना पर जिलाधिकारी यशवंत राव ने बताया कि यह महज एक हादसा है। इसमें जांच का कोई विषय नहीं है। मुख्यमंत्री से बात कर हताहतों को अधिक से अधिक मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। झुलसे लोगों के इलाज में प्रशासन पूरा सहयोग करेगा।
वहीं एसपी राजू बाबू सिंह ने कहा कि टैंकर पलटने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर एनाउंस कर सभी को मौके से हटने का निर्देश के साथ ही हटा भी दिया। यहीं नहीं पेट्रोल गिरने वाले स्थान पर पुलिस ने बालू का भी छिड़काव कराया और एहतियात के तौर पर पुलिस को तैनात कर दिया गया। लेकिन रात में किसी तरह आग लग गई और उसने विकराल रूप धारण कर लिया।