फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वाइन फ्लू: छात्रा की मौत, AMU में पढ़ाई बंद

Sun, 15 Feb 2015 07:34 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
स्वाइन फ्लू की चपेट में आकर एएमयू वीमेंस कॉलेज की छात्रा की मौत के बाद पूरे कैंपस में दहशत फैल गई है। छात्राओं ने हॉस्टल से घरों के लिए पलायन शुरू कर दिया है। हालात को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने वीमेंस कॉलेज समेत 18 फरवरी तक 12वीं तक के सारे स्कूलों में कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। वहीं अन्य आवासीय हॉलों से भी छात्रों के घर जाने का क्रम शुरू हो गया है।
विज्ञापन


विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में शनिवार को भी आधा दर्जन से अधिक छात्र बीमार हालत में पहुंचे जिनमें स्वाइन फ्लू से मिलते जुलते लक्षण होने की बात कही जा रही है। हालात को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन बहुत ही एहतियात बरत रहा है। अगर कोई छात्र बीमार है और घर जा रहा है तो उस पर कक्षा करने के लिए दबाव नहीं डाला जा रहा है। दूसरी ओर कर्मचारी भी स्वाइन फ्लू को लेकर खौफजदा हैं। कैंपस और आसपास के इलाकों में मुंह पर मास्क लगा कर गतिविधियां की जा रही हैं।

स्वाइन फ्लू की दस्तक से शिक्षण कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अचानक मास्क की बढ़ती हुई डिमांड देखते हुए 15 से 20 रुपये में बिकने वाला मास्क अब 80 से 100 रुपये में बिक रहा है। एएमयू के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राहत अबरार ने कहा है कि पूरे कैंपस में बेहद सजगता बरती जा रही है। मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू से निपटने के पूरे इंतजाम हैं। अगर कोई विद्यार्थी घर जाना चाहता है तो उसे घर जाने की इजाजत भी दी जा रही है। उधर किसी ने व्हाट्स एप्स पर अफवाह फैला दी कि एएमयू में 14 मार्च तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं, लेकिन एएमयू प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संस्थान में कक्षाएं सिर्फ 18 फरवरी तक ही स्थगति की गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

एएमयू के सभी शैक्षणिक टूर स्थगित

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने दावा किया है कि स्वाइन फ्लू का केवल एक केस अभी तक सामने आया है, जिससे विश्वविद्यालय के वीमेन्स कॉलेज की एक छात्रा की मृत्यु हो चुकी है। यह छात्रा दक्षिण भारत के कुछ क्षेत्रों के शैक्षणिक टूर के दौरान इस बीमारी से प्रभावित हुई थी।  अब्दुल्लाह हॉल की उन सभी छात्राओं को जिनको खांसी अथवा गले की तकलीफ  थी, उन्हें आइसोलेशन वार्ड में चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है।

कुलपति जमीरउद्दीन शाह ने यूनिवर्सिटी हेल्थ सर्विस में भर्ती इन छात्राओं से भेंट की और उन्हें विश्वास दिलाया कि उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है, एकांत वास में रखने का उद्देश्य केवल उनकी पूरी चिकित्सीय जांच पड़ताल है। कुलपति जमीरउद्दीन शाह ने इस बीमारी से बचाव के तौर पर वीमेंस कॉलेज में सभी कक्षायें अग्रिम 18 फरवरी 2015 तक के लिये स्थगित कर दी हैं। वीमेंस कॉलेज में एहतियात के तौर पर सभी उपाय किये जा रहे हैं। सभी प्रकार के पूर्व निर्धारित शैक्षणिक टूर तथा फील्ड ट्रिप्स को एहतियात के तौर पर तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। सभी विभागों के अध्यक्षों एवं संकायों के डीनों से आग्रह किया गया है कि वह किसी प्रकार के शैक्षणिक टूर आदि का नया प्रस्ताव न भेजें।

विदेशी छात्रों पर है खास नजर
एएमयू में करीब 350 विदेशी छात्र भी पढ़ रहे हैं। इनमें भी स्वाइन फ्लू को लेकर दहशत बनी हुई है। कुछ छात्रों को सर्दी जुकाम है, जिनको लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन बेहद सजग है। इनकी कड़ी निगरानी की जा रही है। साथ ही स्वास्थ्य पर भी नजर रखी जा रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें