एमबीबीएस पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए ऑल इंडिया प्री मेडिकल टेस्ट (एआईपीएमटी) के परिणाम की राह देख रहे विद्यार्थियों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। सुप्रीम कोर्ट ने 5 जून को घोषित होने वाले एआईपीएमटी के नतीजों पर 10 जून तक के लिए रोक लगा दी है। कोर्ट इसी दिन यह तय करेगी कि परीक्षा दोबारा कराई जाए या नहीं।
इस वर्ष एआईपीएमटी में करीब 6.3 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे। कुछ छात्रों ने याचिका दाखिल कर परीक्षा में बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दोबारा परीक्षा आयोजित करने की गुहार लगाई है।
न्यायमूर्ति प्रफुल्ल सी पंत की अध्यक्षता वाली अवकाशकालीन पीठ ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) को सुनवाई की अगली तारीख तक एआईपीएमटी का परिणाम घोषित नहीं करने का निर्देश दिया है। पीठ ने कहा कि वह चाहता है कि सकारात्मक जानकारी मिले, जिससे वह फैसला ले सके।