रेप मामले में आरोपी नारायण साईं सामने आए या न आए लेकिन उनके भक्त बेधड़क पुलिस के सामने साईं की मदद कर रहे हैं।
कुछ दिन पहले एक भक्त ने फरार चल रहे नारायण साईं को अपने घर में शरण दी थी तो वहीं, अब एक भक्त ने पुलिस को नारायण साईं को न पकड़ने की धमकी दी है।
साईं के एक भक्त ने सूरत पुलिस क्राइम ब्रांच की डीसीपी शोभा भूतड़ा को जान से मारने की धमकी दी है। डीसीपी की शिकायत के आधार पर सूरत के उमरा पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
सूरत की दो बहनों ने आसाराम और उनके बेटे नारायण साईं के खिलाफ रेप का आरोप लगाया है। इस मामले में पूछताछ के लिए सूरत पुलिस कई दिनों से नारायण साईं की तलाश कर रही है।
साईं की तलाश में पुलिस की कई टीमों ने अलग-अलग राज्यों में छापेमारी भी की है और एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है।
इसी बीच सूरत क्राइम ब्रांच की डीसीपी को 18 अक्तूबर को धमकी भरा फोन आया। उन्हें धमकी दी गई की वो नारायण साईं की तलाश न करें, वरना जान से मार दिया जाएगा।
पहले भी मिलीं धमकियां
अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फोन करने वाले का कुछ पता नहीं चला है। डीसीपी को इससे पहले भी 16 अक्तूबर को धमकी भरा फोन आ चुका है।
हालांकि जिस नंबर से फोन आया था उसकी डिटेल निकलवाने पर पुलिस को मध्यप्रदेश का एक पता मिला है जिसे पर पुलिस छापा मार सकती है।
इसके पहले नाबालिग लड़की के साथ यौन शोषण के आरोप में आसाराम के खिलाफ जांच करने वाले जोधपुर के डीसीपी को भी धमकी मिल चुकी है।