अपने पिता धर्मेंद्र के नक्शेकदम पर चलते हुए बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल भी राजनीतिक अखाड़े में अपनी किस्मत आजमा सकते हैं।
कयास लगाए जा रहे हैं कि सनी देओल, केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी के खिलाफ शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर लुधियाना से चुनाव लड़ सकते हैं।
हालांकि इस खबर को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं है लेकिन कयास जोरों पर हैं कि एक्शन फिल्म के सुपर स्टार सनी देओल अब राजनीति में एक्शन करते नजर आएंगे।
सनी अकाली दल के टिकट पर लुधियाना सीट पर आगामी लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। फिलहाल लुधियाना से कांग्रेस के कद्दावर नेता और सूचना प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी सासंद हैं।
इससे पहले उनके पिता धर्मेंद्र भी चुनाव लड़ चुके हैं। वे भाजपा के टिकट पर 2004 में राजस्थान के बीकानेर से लोकसभा के लिए चुने गए थे। हालांकि संसदीय क्षेत्र से अक्सर नदारद रहने के कारण उन्होंने काफी नाराजगी झेलनी पड़ी थी। 2009 में उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था।