फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत की हार पर कोई कुएं में कूदा तो किसी ने लगाई फांसी

Fri, 27 Mar 2015 03:05 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/रानीगंज, सुवंशा (प्रतापगढ़)
विज्ञापन
विज्ञापन
क्रिकेट विश्वकप के सेमीफाइनल मुकाबले में गुरुवार को टीम इंडिया की शर्मनाक हार से व्यथित पड़वा नसीरपुर गांव के मोहित पांडेय (16) ने मैच खत्म होने के कुछ देर बाद ही फांसी लगाकर जान दे दी। इससे घर में कोहराम मच गया।
विज्ञापन


मोहित पांडेय पुत्र फूलचंद्र उर्फ गोविंद पांडेय क्रिकेट का दीवाना था। गुरुवार को वह अपने घर में इंडिया और आस्ट्रेलिया के बीच हो रहे मुकाबले को देख रहा था। पूरे समय तक वह टीवी से चिपका रहा। टीम इंडिया को हारते देख वह काफी विचलित हो गया। जैसे ही सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया को करारी शिकस्त मिली वह टीवी बंद कर खेत की ओर चला गया।

परिजनों की मानें तो टीम इंडिया की हार के बाद वह सदमे में दिखा। खेत में नीलगाय भगाने के लिए लगाई गई धोती खोली और एक पेड़ की डाल से झूल गया। कुछ देर बाद लोग उधर गए तो उनकी नजर उसके लटकते शव पर पड़ी। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोगों के साथ ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। मोहित का शव देखते ही लोग रोने बिलखने लगे। गांव के लोग भी उसके क्रिकेट प्रेमी होने की चर्चा कर रहे थे।
विज्ञापन


उसके दोस्तों ने बताया कि खेत की ओर जाते समय वह इतना दुखी था कि मैच के बारे में किसी के सवाल का जवाब तक नहीं दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है।

भारत की हार से मायूस युवक कुएं में कूदा

भदोही के गोपीगंज में विश्व कप के सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया की हार मायूस एक प्रशंसक ने कुएं में कूद कर जान देने की कोशिश की। ग्रामीणों ने उसे सीएचसी गोपीगंज में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छोड़ दिया गया।

सिडनी में गुरुवार को खेले गए विश्वकप के सेमीफाइनल मैच को देखने के लिए सुबह से ही लोग टीवी से चिपके थे। सुरियावां थाना क्षेत्र के अमिलहरा गांव का मुन्ना बिंद (28) पुत्र महादेव भी मैच देख रहा था। टीम इंडिया की हार के बाद लोग आपस में चर्चा कर ही रहे थे कि मुन्ना ने पास के कुएं में छलांग लगाकर जान देने का प्रयास किया।

लोग आनन-फानन में रस्सी के सहारे कुएं में उतरे और उसे बाहर निकाला। सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे छोड़ दिया गया।
विज्ञापन

सदमे से क्रिकेट प्रेमी की मौत

मुजफ्फरनगर के ककरौली में वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत की हार ककरौली निवासी एक क्रिकेट प्रेमी सहन नहीं कर सका। भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के रनआउट होते ही उसके सीने में तेज दर्द उठा। कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया।

सिडनी में भारत और आस्ट्रेलिया के बीच विश्वकप का सेमीफाइनल देखने के लिए शहर और देहात में लोग टेलीविजन से चिपके हुए थे। लगातार सात मैच जीतने के बाद धोनी ब्रिगेड के कंगारुओं के आगे घुटने टेक देने से क्रिकेट के दीवाने स्तब्ध रह गए। ककरौली कसबे में क्रिकेट प्रेमी मोहब्बत अली (60) को क्रिकेट की दीवानगी थी। गुरुवार को वह बाजार में एक दुकान पर सुबह से ही क्रिकेट मैच देख रहा था। भारत के चार विकेट गिर चुके थे और धोनी विकेट पर डटे थे। जैसे ही कप्तान धोनी आउट हुए, मोहब्बत के सीने में अचानक तेज दर्द उठने लगा। कुछ लोगों ने सहारा दिया और घर तक पहुंचाया। कुछ ही देर में मोहब्बत की मौत हो गई। क्रिकेट प्रेमी की मौत की खबर पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते मोहब्बत के घर हुजूम उमड़ पड़ा। मोहब्बत की पत्नी का डेढ़ साल पहले इंतकाल हो गया था। परिवार में आबाद, जहूर हसन, मीरहसन और आजाद समेत चार बेटे हैं।

पूर्व प्रधान शादा हसन ने बताया कि मोहब्बत अली क्रिकेट का शौकीन था। धोनी के रनआउट होने को वह बर्दाश्त नहीं कर पाया। मोहब्बत को शुक्रवार जुमे की नमाज के बाद सुपुर्द-ए खाक किया जाएगा। ग्रामीणों के मुताबिक क्रिकेट मैच को देखने के लिए वह सारे काम छोड़ देता था। क्रिकेट की पुरानी बातें और बड़े मैचों की चर्चाएं कसबे के युवा भी मोहब्बत से ही करते थे।

वरिष्ठ फिजिशियन डॉ रविंद्र सिंह ने बताया कि शौक जुनून की हद तक बढ़ जाए तो वह जानलेवा भी हो सकता है। क्रिकेट प्रेमी मोहब्बत अली के मामले में भी ऐसा ही होने की संभावना है। उसे क्रिकेट से इतना लगाव रहा होगा कि वह हार को सहन नहीं कर पाया। क्रिकेट के उतार-चढ़ाव में हृदयगति बढ़ जाती है, जो व्यक्ति के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें