वरिष्ठ भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा कि केंद्र में अब भाजपा की सरकार है। अयोध्या, मथुरा और काशी में भव्य मंदिर बनेगा। प्रधानमंत्री को तीनों ही मस्जिदों के मुतवल्ली को पत्र लिखकर यह बताना चाहिए कि वह इन स्थानों पर भव्य मंदिर का निर्माण करना चाहते हैं। कहा कि भारत में 40 हजार मंदिरों को तोड़कर मस्जिद बनाया गया है, हम तो केवल तीन मंदिर बनाना चाहते हैं। स्वामी शनिवार की शाम वाराणसी में बीएचयू के स्वतंत्रता भवन सभागार में यूथ इन एक्शन संस्था की ओर से ‘मैं और मेरा भारत’ विषयक संगोष्ठी में बोल रहे थे।
‘हिंदुस्तान में रहने वाले सब हिंदू’
स्वामी ने कहा कि शोध से साबित हो चुका है कि सभी हिंदुस्तानी या तो हिंदू हैं या उनके पूर्वज पूर्वज हिंदू थे। व्यक्तिगत तौर पर हिंदुस्तान का मुसलमान भी मानता है कि उसके पूर्वज हिंदू थे मगर धर्म के ठेकेदार इसकी मुखालफत करते हैं। ब्राह्मण और दलित का डीएनए भी एक ही है।
नोएडा में हुआ था रावण का जन्म
भाजपा नेता ने कहा कि पराक्रमी रावण ब्राह्मण था और उसका जन्म श्रीलंका में नहीं बल्कि नोएडा के पास के बसरख गांव में हुआ था। उसकी पत्नी मंदोदरी भी मेरठ से ही थी। उन्होंने तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि पर निशाना साधते हुए कहा कि वह रावण को द्रविड़ मानते थे लेकिन जब उन्हें पता चला कि रावण नोएडा में जन्मा था तो उन्होंने प्रदेश में रावण लीला बंद करा दी।