उत्तर प्रदेश पेट्रोलियम ट्रेडर्स एसोसिएशन के आह्वान पर भले ही गाजियाबाद के सभी पेट्रोल पंप दोपहर 12 बजे तक बंद रहें मगर आप सोमवार से दिल्ली जाकर पेट्रोल ले सकते हैं। दिल्ली सीमा में स्थित आनंद विहार, ज्ञानी बॉर्डर, यूपी गेट और भोपुरा बॉर्डर के पेट्रोल पंप 24 घंटे खुले रहेंगे।
गाजियाबाद पेट्रोल-डीजल डीलर्स एसोसिएशन ने कमीशन बढ़ाने को लेकर सोमवार से आधे दिन की हड़ताल का ऐलान किया है। इसके बाद गाजियाबाद के ज्यादातर पेट्रोल पंप दोपहर 12 बजे तक बंद रहेंगे। वहीं टीएचए के लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है कि वे दिल्ली के पंपों से 24 घंटे पेट्रोल भरवा सकेंगे।
एसोसिएशन के महामंत्री ब्रिजमोहन सिंघल ने बताया कि दिल्ली की तुलना में यूपी का वैट दोगुने से भी ज्यादा है। यहां पेट्रोल पर 26 फीसदी वैट लग रहा है जबकि दिल्ली में यह दर सिर्फ 12 प्रतिशत है। इसके चलते दिल्ली के पंप ऑपरेटर हड़ताल में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। हालांकि विरोध में वे भी शामिल हैं। सोमवार से गाजियाबाद के ज्यादातर पेट्रोल पंप दोपहर 12 बजे के बाद खुलेंगे।
इसके बाद रात 10 बजे तक यहां पेट्रोल भरवाया जा सकेगा। सोमवार को आधे दिन की हड़ताल को देखते हुए शाम को हॉट सिटी के पेट्रोल पंपों में हल्की-फुल्की भीड़ रही। लोगों का कहना था कि सुबह पेट्रोल भरवाने में परेशानी हो सकती है। इसे देखते हुए अभी पेट्रोल भरवा रहे हैं।