धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में रविवार को देर रात आए तूफान से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। तूफान के चलते 33केवी सब स्टेशन पर ब्रेक डाउन होने के कारण शहर दो घंटे अंधेरे में डूब रहा। कई इलाकों में आधी रात तक ही बिजली की सप्लाई सुचारु हो सकी।
हालांकि बिजली विभाग की ओर से ज्यादा नुकसान की जानकारी नहीं है। तूफान का इसका सबसे बुरा असर फसलों पर पड़ा है। खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है। रविवार को देर रात आया तूफान अपने साथ धूल मिट्टी के साथ-साथ कई परेशानियां भी लेकर आया।
धर्मनगरी में इस तूफान से लोगों को खूब परेशानी हुई। करीब 10 से 15 मिनट तक चले इस तूफान में कई जगह बिजली के तार टूटकर जमीन पर गिर गए। थानेसर शहर में रात 9:30 बजे के बाद ही बिजली व्यवस्था सुचारु हो सकी। परंतु मोहन नगर, पारस थियेटर सहित अन्य क्षेत्रों में आधी रात तक ही बिजली व्यवस्था दुरुस्त हो सकी। बिजली शिकायत केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार 33 केवी सबस्टेशन पर ब्रेक डाउन हो गया।
देररात तक पेट्रोलिंग के बाद बिजली को सुचारु किया जा सका। सुबह तब 27 शिकायतें बिजली शिकायत केंद्र में दर्ज हुईं, जिसे कर्मचारियों ने कुछ ही देर में ठीक कर दिया।