एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अब बारिश का दौर थमेगा और कोहरा दस्तक देगा। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी में सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा, जबकि पूर्वी यूपी के इलाकों में घने कोहरे की आशंका है।
वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 48 घंटे में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। आने वाले दिनों में घने कोहरे की आशंका को देखते हुए रेलवे ने पहली जनवरी से 18 फरवरी के बीच दो दर्जन से अधिक ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा कर दी है। उधर, हरियाणा के जींद में रविवार को धुंध की वजह से हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार, रविवार को एनसीआर में बादल रहने से दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस ऊपर 23.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री ऊपर 14.1 डिग्री दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं।
इसके बाद यह दौर धीरे-धीरे कम होगा और कोहरे का असर बढ़ेगा। 18 दिसंबर को फिर से आने वाले पश्चिमी विक्षोभ का असर मौसम पर दिखेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहाड़ों पर बर्फबारी के बावजूद मैदानी इलाकों में रात में ठंड कम पड़ रही है। फरीदाबाद और गाजियाबाद के अलावा दिल्ली के कई केंद्रों पर रात का तापमान 14 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में 21-22 दिसंबर को 7-8 डिग्री की गिरावट आ सकती है।