फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'आप' के दफ्तर पर हमला, जमकर तोड़फोड़

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद के कौशांबी स्थित आम आदमी पार्टी के दफ्तर में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की है। ये लोग प्रशांत भूषण के जम्मू-कश्मीर पर दिए गए बयान का विरोध कर रहे हैं।
विज्ञापन


हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष ने दावा किया है कि तोड़फोड़ में श्री राम सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी शामिल थे। साहिबाबाद पुलिस ने हमले के मुख्य आरोपी पिंकी चौधरी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

बुधवार सुबह करीब 11 बजे चालीस लोग कौशांबी स्थित आम आदमी पार्टी के दफ्तर पहुंचे और वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी।

उनके हाथों में हिंदू रक्षा दल का बैनर था। हालांकि पुलिस ने कहा है जिन्होंने तोडफोड़ की उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है।

प्रशांत भूषण के बयान से नाराज

पार्टी के कार्यकर्ता कुछ समझ पाते इससे पहले ही इन लोगों ने तोड़फोड़ और मारपीट शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि ये लोग आम आदमी पार्टी के नेता और मशहूर वकील प्रशांत भूषण के उस बयान से नाराज बताए जा रहे हैं जिसमें उन्होंने जम्मू-कश्मीर में जनमत संग्रह कराने की बात कही थी।

हालांकि बाद में अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ने खुद को इस बयान से अलग कर लिया था।

हंगामे और तोड़फोड़ की शिकायत आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस में की है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही है।

भाजपा और संघ के लोगों ने कराया हमला

आम आदमी पार्टी नेता प्रशांत भूषण ने कहा ये हमला दिखा रहा है कि भाजपा और संघ परिवार आम आदमी पार्टी के उभार से फ्रस्टेटेड हैं कि इस तरह की हरकत पर उतर आए हैं। ये अब तोड़फोड करेंगे मारपीट करेंगे।

उन्होंने कहा कि इसमे जो लोग शामिल है वे भाजपा से जुड़े हुए हैं। भाजपा और संघ ऐसे संगठन चलाते रहते हैं। वहीं, भाजपा प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि आप को हर चीज में भाजपा और हिंदू संगठनों की साजिश दिखाई देती है।

कुमार विश्वास ने साधा हिंदू रक्षा दल पर निशाना

आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने फेसबुक पर लिखा कि,"हिंसा किसी भी तरह की हो, वह निंदनीय है, लेकिन 'आप' कार्यालय पर आज हुए हमले की घटना में मुझे कोई आश्चर्यजनक बात नहीं दिखी। चेहरे भी नए नहीं दिखे।"

उन्होंने लिखा कि,"मुझे आश्चर्य इस बात का है, कि इस 'दल' के इन वीरों के चेहरे मुझे उस भीड़ में कहीं नहीं दिखे, जब दामिनी और गुड़िया के लिए इंसाफ मांगने देश के हज़ारों युवा सड़कों पर निकल आए थे। यह 'हिन्दू' उस समय कहां होते हैं, जब सलमान खान 'बिग-बॉस' के प्रमोशन के लिए मां लक्ष्मी का नाम गलत तरीके से इस्तेमाल करते हैं। यह 'रक्षक' तब कहां होते हैं, जब धर्म के नाम पर चल रही मंडियों में बच्चियों को शोषण होता रहता है? वहां तो इनमें से कोई नहीं दिखता।"

विश्वास ने लिखा,"ये सेनानी शायद 'डबल-शिफ्ट' की नौकरी में व्यस्त रहते होंगे - दिन में गुंडई और रात में हज़ारों घंटों के वीडियो में से काट-छांट कर एडिटिंग करना। राष्ट्रवाद के इन नए कर्णधारों को देश बड़े ध्यान से देख-सुन रहा है।"
विज्ञापन

क्या, मुझे मारने से समस्या सुलझ जाएगी: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है। आप के कौशांबी स्थित कार्यालय पर हमला और तोड़फोड़ की घटना पर केजरीवाल ने कहा कि हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है। अगर ऐसी घटना को अंजाम देने वाले लोग इसे हल मानते हैं तो वह समय और स्थान बता दें-मैं वहां आ जाऊंगा और वे अपनी इच्छा पूरी कर लें।

केजरीवाल ने कहा कि कश्मीर में सेना की तैनाती का फैसला केन्द्र सरकार का है। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण यह है कि लोगों की निजी राय का सम्मान किया जाना चाहिए। इस संबंध में जनमत संग्रह कोई विकल्प नहीं है।

भूषण ने इस घटना पर कहा है कि यह इस बात को दर्शाता है कि भाजपा आप की बढती लोकप्रियता से बहुत हताश हो गई है। उन्होंने कहा कि मैं अपने बयान के बारे में स्पष्ट कर चुका हूं किंतु यह घटना भाजपा-संघ परिवार और उनके सहयोगी संगठनों में गहरी हताशा को प्रतिविंबित करती है।

उन्होंने दावा किया कि हमलावरों में एक वह व्यक्ति भी था जो 12 दिसम्बर 2011 को उच्चतम न्यायालय में उनके चैंबर में उनके साथ की गई धक्का-मुक्की में भी शामिल था। उन्होंने कहा कि हमलावरों में तेजिंदर सिंह बग्गा भी था जिसने चैम्बर पर मेरे ऊपर हमला किया था। यह भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता है। उसकी वेबसाइट को भाजपा और संघ परिवार का सहयोग मिला है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें