चार माह में दो बार सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन का केक काट लिया। अखिलेश यादव का जन्म दिन एक जुलाई को है, तब भी बाकायदा केक काटा गया और सपा कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर सीएम के दीर्घायु होने की कामना की थी। शुक्रवार को फीरोजाबाद में फिर से सपा कार्यकर्ताओं ने उसी उत्साह के साथ सीएम का 42 वां जन्मदिवस मनाया।
शुक्रवार सुबह सपा कार्यालय पर काफी चहल पहल थी, मीडियाकर्मियों ने सपा कार्यकर्ताओं से पूछा तो बताया गया कि आज प्रदेश के मुखिया का जन्मदिन है। अंदर कार्यालय में केक काटा जा रहा था, अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाए जा रहे थे।
एक जुलाई को भी पूरे प्रदेश में जोर-शोर अखिलेश यादव का जन्म दिन मनाया गया था। फीरोजाबाद में सपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष डॉ. दिलीप यादव ने केक काटा था। टूंडला, शिकोहाबाद, जसराना में भी आयोजन हुए थे। शुक्रवार को फिर उसी तरह से जन्म दिन मनाया गया। इसमें जिलाध्यक्ष डॉ. दिलीप यादव समेत जिला इकाई के पदाधिकारियों के साथ प्रमुख सपा नेता शामिल हुए। इस कार्यक्रम की प्रैस विज्ञप्ति भी जारी की गई।