यूपी के बिजनौर में कबीना मंत्री महबूब अली के बेटे परवेज अली के एमएलसी चुनाव के लिए बुलाई गई बैठक व प्रेस वार्ता के दौरान सपाई खाने पर टूट पड़े। सपाइयों में प्लेट कब्जाने को लेकर खूब मारामारी मची रही। आपस में भिड़ते दिखे। इस दौरान सपाइयो ने खूब हंगामा किया, उन्हें रोकने वाला कोई नहीं था। आलम ये था कि सपाई रोटी के लिए तंदूर तक पर टूट पड़े।
शनिवार को मंत्री महबूब अली ने बैराज मार्ग स्थित एक रेस्टोरेंट में बेटे परवेज के एमएलसी चुनाव के लिए बीडीसी सदस्यों, ग्राम प्रधान, सभासदों की बैठक बुलाई थी। इस दौरान प्रेसवार्ता भी बुलाई गई। खाने का भी इंतजाम था। अचानक खाने के इंतजाम वाले हाल में सपाइयों ने घुसकर खाने पर धावा बोल दिया।
सपाई हाल की कुंडी खोलकर अंदर जा घुसे। उन्होंने खाने की प्लेट कब्जानी शुरू कर दी। प्लेट हथियाने को लेकर सपाइयों में मारामारी मची रही। प्लेट को लेकर सपाई आपस में उलझते रहे तथा जमकर हंगामा काटा। उन्हें रोकने को कोई नेता आगे नहीं आया।