यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी को दुनिया की 12वीं सबसे रईस नेता करार देने वाली रिपोर्ट से देश में बवाल मचाने के बाद हफिंगटन पोस्ट वर्ल्ड ने इस फेहरिस्त से उनका नाम हटा लिया है।
हफिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में लेख के सबसे नीचे लिखा गया है, "सोनिया गांधी और कतर के पूर्व अमीर हामिद बिन खलीफा अल-थानी का नाम लिस्ट से हटा दिया गया है।"
इसमें लिखा है, "सोनिया गांधी का नाम थर्ड पार्टी साइट की लिस्टिंग के आधार पर लिया गया था, जिस पर सवाल उठाए गए हैं। हमारे संपादक इस रकम की पुष्टि करने में नाकाम रहे, इसलिए लिंक हटाया जा रहा है। और इससे फैले किसी भी तरह के भ्रम के लिए हम खेद जताते हैं।"
पढ़ें, महारानी एलिजाबेथ, ओबामा से ज्यादा अमीर हैं सोनिया!
विदेशी पोर्टल ने सोनिया गांधी को अमीरी के मामले में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी को ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ, ओमान के सुल्तान, मोनेको के राजकुमार, कुवैत के शेख और अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा से भी ऊपर रखा था।
हफपोस्ट ने सोनिया गांधी की कुल संपत्ति 2 अरब डॉलर आंकी और देश की जीडीपी प्रति व्यक्ति आय 1,500 डॉलर। उन्हें 20 नेताओं की सूची में 12वां पायदान दिया गया था।
पढ़ें, अंतिम मोड़ पर सोनिया-राहुल ने क्यों बनाई दिल्ली से दूरी?
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ सोनिया से काफी नीचे हैं और उनकी संपत्ति 40 से 50 करोड़ डॉलर आंकी गई है। दुनिया के सबसे ताकतवर मुल्क अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने दुनिया के बीस सबसे रईस नेताओं में जगह नहीं बनाई है।
फेहरिस्त में सबसे ऊपर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हैं, जिनकी कुल संपदा 40 अरब डॉलर बताई गई है। उनके बाद थाईलैंड के राजा भूमिबोल अदुलयादेज का नंबर है, जिनकी जेब में 30 अरब डॉलर है।
रिपोर्ट में यह नहीं बताया किया है कि नेताओं की तुलना और मौद्रिक जानकारी तक कैसे पहुंचा गया है। नेताओं और राजनीतिक दलों पर फोकस करने वाले एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक राइट्स के मुताबिक सोनिया गांधी की कुल संपत्ति 1.38 करोड़ रुपए है। उनके पास देश में न तो कोई मकान और न ही कार।