भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी अपनी हर रैली में यूपीए सरकार और कांग्रेस पर जमकर बरस रहे हैं।
नरेंद्र मोदी ने दिल्ली गैंगरेप और तंदूर कांड का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर करारा हमला किया है।
उन्होंने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा के सवाल पर सोनिया ने देश को गुमराह किया है। यहां तक कि कांग्रेस पार्टी के अंदर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
'आपकी सरकार में महिलाओं पर कितने अत्याचार हुए'
मोदी ने कहा कि नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के मुताबिक कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टी शासित दस राज्यों में से सात महिलाओं के खिलाफ अत्याचार में सबसे ऊपर हैं। इनमें भाजपा या उसकी गठबंधन सहयोगी शासित एक भी राज्य नहीं है।
महाराष्ट्र के चंद्रपुर में एक चुनावी रैली में मोदी ने पूछा, ‘मैडम सोनिया जी, आप महिला है लेकिन आपने महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर देश को गुमराह किया है।
देश यह जानना चाहता है कि आपकी सरकार में महिलाओं पर कितने अत्याचार हुए हैं। अगर कांग्रेस के अंदर ही महिलाएं असुरक्षित हों तो देश में महिलाएं कैसे सुरक्षित रह सकती हैं।
'यूपीए निर्भया फंड का इस्तेमाल करने में नाकाम'
पिछले महीने लातूर में कांग्रेस कार्यकर्ता और वकील कल्पना गिरी की हत्या की ओर इशारा करते हुए मोदी ने कहा कि युवा कांग्रेस नेता पहले गायब हुई और फिर उसकी लाश मिली। कांग्रेस के ही एक युवा नेता इसमें गिरफ्तार हुए हैं।
उन्होंने सोनिया से सवाल किया, अगर आपकी पार्टी में ही महिलाएं सुरक्षित नहीं है तो देश में कैसे हो सकती हैं?
मोदी ने कहा कांग्रेस सरकार निर्भया फंड के पैसे का इस्तेमाल करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में एक निर्दोष लड़की का सामूहिक बलात्कार हुआ और भारत को इसके लिए पूरी दुनिया में बदनामी झेलनी पड़ी।