कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा को फ्री हैंड दे दिया है।
सोनिया ने बहुगुणा को यह भी भरोसा दिया कि पार्टी व सरकार के खिलाफ काम कर रहे कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बहुगुणा बुधवार को आंतरिक सुरक्षा पर मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेने आए हैं।
सोनिया से ‘आशीर्वाद’ पाने के बाद बहुगुणा ने दिल्ली के उत्तराखंडियों के बीच घुसपैठ की पहल कर शुरू कर दी है।
उन्होंने ऐलान किया है कि उत्तराखंड आंदोलन के दौरान दिल्ली व एनसीआर में सक्रिय आंदोलनकारियों की पहचान की जाएगी और उन्हें भी उसी तरह सम्मान व सुविधाएं दी जाएंगी जैसे कि उत्तराखंड में रह रहे आंदोलनकारियों को मिल रही हैं। इसके लिए जल्द ही दिल्ली में एक अफसर तैनात किया जाएगा।
प्रमुख संगठनों के दो-दो प्रतिनिधियों को भी इस पहचान प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस महासचिव धीरेंद्र प्रताप की पहल पर यह बैठक हुई।
यह पहला मौका है जब राज्य गठन के इन 12 वर्षों में किसी मुख्यमंत्री ने दिल्ली के उत्तराखंड आंदोलनकारियों के साथ बैठक की है। इन नेताओं ने राजधानी गैरसैण ले जाने व मुजफ्फरनगर कांड के दोषियों को सजा दिलाने की मांग की।
इससे पहले बहुगुणा सोनिया गांधी से मिले और उनसे प्रदेश की विकास परियोजनाओं के लिए केंद्रीय मदद दिलाने का आग्रह किया। बहुगुणा ने 2010 में खत्म कर दिए गए औद्योगिक पैकेज को फिर शुरू करने की मांग की।
एनडीए सरकार ने यह पैकेज 2013 तक के लिए दिया था, लेकिन यूपीए सरकार ने इसे 2010 में ही खत्म कर दिया था। सूत्रों के अनुसार बहुगुणा ने कांग्रेस में अपने विरोधी गुट की शिकायत भी की। उन्होंने सोनिया से कहा कि विरोधी गुट जानबूझकर काम में अड़ंगेबाजी कर रहा है।
इस पर सोनिया से कहा कि वे पूरी ताकत से लोकसभा चुनाव की तैयारी करें। पार्टी हाईकमान के फैसले का अनादर करने वालों के साथ सख्ती के निपटा जाएगा।
दिल्ली प्रवास के दौरान बहुगुणा विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद से भी मिले। सलमान ने उन्हें जल्दी ही कुमायूं मंडल में पासपोर्ट कार्यालय खोलने का भरोसा दिया।