अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपना सियासी दबदबा बनाने की पुरजोर कोशिश में है।
पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखकर क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी लाने की गुजारिश की है।
इसी के बाद बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री ने लगभग सभी मंत्रालयों की बैठक कर पूर्वोत्तर से जुड़ी विकास योजनाओं की प्रक्रिया को तीव्र गति से पूरा करने का निर्देश दिया।
सरकार की इन कोशिशों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने दावा किया है कि उसका लक्ष्य पूर्वोत्तर राज्यों की 25 में से 20 से ज्यादा लोकसभा जीतना है और उसे इसमें कामयाबी मिलेगी।
पूर्वोत्तर मामलों के केंद्रीय मंत्री पबन सिंह घटोवार ने कहा कि प्रधानमंत्री क्षेत्र के ढांचागत प्रोजेक्ट की प्रगति की निगरानी के लिए अधिकार प्राप्त कमेटी बनाएंगे।
साथ ही प्रधानमंत्री के निर्देश पर योजना आयोग जल्द ही उत्तर पूर्वी राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाने की तैयारी में है।
सरकार ने दावा किया है कि यूपीए के शासनकाल में उत्तर पूर्व क्षेत्र में विकास हुआ है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि जब से यूपीए 2004 में सत्ता में आई है, क्षेत्र की आर्थिक वृद्धि ढाई गुना हुई है।