लगातार 124 घंटे कथक नृत्य का विश्व कीर्तिमान बनाने का सपना लेकर मंच पर उतरी काशी की बेटी सोनी चौरसिया के कदम धीरे-धीरे कीर्तिमान की ओर बढ़ रहे हैं।
नृत्य के बीच मिल रहे चंद मिनटों के ब्रेक के दौरान सोनी ने बताया कि उन्हें भजनों पर नृत्य करने से आंतरिक ऊर्जा मिन रही है। इस वजह से उन्हें जरा भी थकावट महसूस नहीं हो रही है।
124 घंटे लगातार नृत्य का कीर्तिमान स्थापित करने में जुटी सोनी का दूसरे दिन रविवार को समाचार लिखे जाने तक सोनी अपने अभियान के 40 घंटे पूरी कर चुकी थीं। हालांकि उनका नृत्य तब भी जारी रहा। इस दौरान आयोजकों की ओर से हर चार घंटे का अपडेट गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड की टीम को भेजा जाता रहा।
बनारस के बीबी हटिया निवासी सोनी ने 19 नवंबर तक नृत्य कर केरल की हेमलता के लगातार 123 घंटे 15 मिनट नृत्य का रिकार्ड तोड़ने का संकल्प लिया है। इस दौरान वह ठुमरी, टुकड़ा, तिहाई के साथ भजनों पर नृत्य प्रस्तुत कर रही हैं।