बिहार के आरा शहर में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। शनिवार सुबह पांच और लोगों के मरने से यह संख्या 11 से बढ़कर 16 हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जहरीली शराब पीने से शनिवार सुबह नवादा थाना के अनाईठ गांव के 50 वर्षीय छट्ठु साह, 45 वर्षीय विराज सिंह, 42 वर्षीय सुरेश पासवान के अलावा शिवगंज और मौला बाग में एक-एक लोगों के मौत की सूचना मिली।
प्रशासन पीड़ितों का पता लगाकर उन्हें अस्पताल पहुंचा रहा है। अनुमंडलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह मौके पर पुलिस बल के साथ शिविर लगाए हुए हैं। पुलिस ने इन इलाकों में देर रात छापेमारी कर बरामद शराब को जांच के लिए भेज दिया है।
वहीं, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) ने शराब कांड के विरोध में शनिवार को आरा शहर बंद रखने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि भोजपुर जिले में आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात कथित रूप से जहरीली शराब पीने से आठ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य लोग इससे प्रभावित हो गए थे।