थाना रामगढ़ क्षेत्र के मोहल्ला छपरिया में एक युवक की हत्या कर भाग रहे आरोपी को युवक के साथियों ने दबोच लिया और उसको भी गोलियों से भून दिया। प्रेम विवाह की एक घटना को लेकर चली आ रही रंजिश में यह घटना हुई है। इसमें अब तक पांच लोगों की हत्या हो चुकी हैं।
मामले में लापरवाही पर पहले मारे गए युवक के परिवारीजनों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव जाटवपुरी चौराहे पर रखकर परिवारीजनों ने हाईवे जाम कर दिया। ये एक युवक को हिरासत में लेने का विरोध कर रहे थे। पौन घंटे बाद हिरासत में लिए गए युवक को छोड़ने के आश्वासन पर जाम खोला।
घटना बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। मोहल्ला छपरिया निवासी नवी आलम अपने बहनोई फुरकान निवासी मिर्जा मंडी थाना छिबरामऊ के साथ पैदल जा रहा था। इसी दौरान उसका मोहल्ले के राजू से सामना हो गया। कहासुनी के दौरान राजू ने नवी आलम को गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भाग रहे राजू को फुरकान ने अपने साथी शीवान की मदद से पकड़ लिया और उसे भी गोली मार दी।