मलयाली अभिनेत्री और कुछ हिंदी फिल्मों में काम कर चुकीं श्वेता मेनन ने पुलिस को दिए अपने बयान में दावा किया था कि कांग्रेस सांसद एन पीतांबर कुरुप ने उन्हें कई बार छुआ था।
अभिनेत्री ने सांसद पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था लेकिन बाद में अपनी शिकायत को वापस लेने की बात कही थी।
मामले की एफआईआर के बाद दर्ज कराए गए बयान में अभिनेत्री ने कहा था कि शुक्रवार को उनके कार्यक्रम में पहुंचने के बाद कार से उतरते ही कांग्रेस सांसद ने उन्हें छूना शुरू कर दिया और उनका हाथ पकड़ लिया।
इसके बाद कुरुप पोडियम तक पहुंचने तक उनका हाथ थामे रहे। इस दौरान कुरुप ने उन्हें दो तीन बार गलत तरीके से छुआ। इससे वह काफी असहज और अपमानित महसूस कर रही थीं।
श्वेता ने यह बयान एक महिला सर्किल इंस्पेक्टर की अगुवाई वाली टीम को दिया था। हालांकि सांसद के खिलाफ बयान दर्ज कराने के बाद श्वेता ने रविवार शाम को यू-टर्न ले लिया और कहा था कि सांसद के माफी मांगने के बाद अपनी शिकायत वापस ले रही हैं।
हालांकि पुलिस ने स्थानीय कोर्ट में एफआईआर दाखिल कर दी है। बयान में श्वेता ने कहा कि कुरुप ने उनका हाथ तब ही छोड़ा, जब उन्होंने कहा कि हाथ छोड़ें क्योंकि उन्हें बोलने के लिए मंच पर जाना है। लेकिन इस अपमान के बाद वे कार्यक्रम के बीच में से ही लौट र्गइं।