राजधानी में हाई अलर्ट के बावजूद शनिवार को फिर आतंकी हमला हुआ। हैदरपुरा के सनत नगर इलाके में आतंकियों ने सुरक्षा बलों के वाहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी।
फायरिंग में एक राहगीर जख्मी हो गया। बाईपास पर आतंकियों की फायरिंग से पूरा इलाका दहल उठा। सुरक्षा बलों ने मोर्चा लिया लेकिन आतंकी फायरिंग करते हुए निकल भागे।
हमलावर आतंकी एक बाइक पर सवार थे। हमले के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरा इलाका घेर लिया। हैदरपुरा इलाके में सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है। आईजी एजी मीर का कहना है कि हमलावरों ने वाहन पर फायरिंग की है।
एक रोज पहले सांबा और हीरानगर में सेना के शिविर और पुलिस स्टेशन पर हमले तथा कुपवाड़ा में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ के बाद घाटी में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
हाई अलर्ट और भारी सुरक्षा इंतजामों के बीच श्रीनगर शहर में आतंकियों ने शनिवार दोपहर उस समय ताबड़तोड़ फायरिंग की जब सीआरपीएफ के जवान दो गाडिय़ों से हैदरपुरा के सनत नगर बाईपास पर गश्त कर रहे थे।
जवानों ने जब तक गाडियों को रोका, तब तक आतंकी भाग निकले। बाइक सवार हमलावरों ने बेखौफ होकर सुरक्षा बलों पर फायरिंग झोंका।
फिलहाल आतंकियों की संख्या और भागने वाले वाहन के बारे में पुलिस पर थे, पुलिस इस संबंध में पूछताछ कर रही है। हमले के बाद करीब एक घंटे तक बाईपास पर यातायात रोक दिया गया।
पुलिस और सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया। रात तक सुरक्षा बलों के जवान पूरे इलाके को घेरे रहे। मौके पर पहुंचे आईजी एजी मीर के मुताबिक, फायरिंग में कोई जख्मी नहीं हुआ है। नाकेबंदी कराई गई है।
जम्मू में संदिग्ध तत्वों की मौजूदगी की आशंका
जम्मू क्षेत्र में कठुआ और सांबा जिलों में आतंकी हमले के बाद कठुआ इलाके में आज संदिग्ध तत्वों की आवाजाही नजर आई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के दयालचक इलाके में एक गांव में स्थानीय लोगों ने कुछ संदिग्ध लोगों को देखा और पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस और सुरक्षा बल के जवानों ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की। अभी तक किसी के पकडे़ जाने की सूचना नहीं है लेकिन तलाशी का काम जारी है।
उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के चलते जम्मू पठानकोट राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया है।