शाहजहांपुर की किशोरी के साथ दुष्कर्म मामले में कथावाचक आसाराम के खिलाफ गवाही देने वाले कृपाल सिंह को शुक्रवार रात कैंट के हाई सिक्योरिटी इलाके में एक बाइक सवार युवक गोली मारकर फरार हो गया। कृपाल को गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया है।
शहर के मोहल्ला गदियाना चुंगी में रहने वाले 35 वर्षीय कृपाल सिंह दुष्कर्म पीड़िता के पिता के साथ उनके ट्रांसपोर्ट पर काम करते थे। पीड़िता के परिवार से लंबे समय से जुड़े कृपाल ने भी पीड़ित परिवार के साथ कथावाचक आसाराम से दीक्षा ली थी।
वह आसाराम के कई आश्रमों में सेवादार भी रहे। इसी नाते कृपाल की गिनती आसाराम के विश्वासपात्र और राजदार लोगों में होती थी।