महिला पत्रकार से यौन उत्पीड़न के विरोध में तहलका पत्रिका में इस्तीफे का सिलसिला जारी है। प्रबंध संपादक शोमा चौधरी ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
वह खुद पर पूर्व संपादक तरुण तेजपाल को बचाने के लगे आरोपों से दुखी हैं। उन्होंने इन आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि तहलका जब संकट के दौर से गुजर रहा है तो ऐसे में इस्तीफा देना दुखद है।
इससे पहले तहलका की सीनियर एडिटर राना अय्यूब समेत पांच पत्रकार भी इस्तीफा दे चुके हैं।
गोवा पुलिस के सामने पेश होंगे तेजपाल
पीटीआई के मुताबिक तरुण तेजपाल गोवा पुलिस के सामने पेश होंगे। पुलिस ने तेजपाल को बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे तक गोवा के सीआईडी कार्यालय में पेश होने को कहा था।
इससे पहले गोवा पुलिस की एक टीम बुधवार देर रात तरुण तेजपाल के जंगपुरा स्थित घर पहुंची और नोटिस चस्पा कर दिया। नोटिस चस्पा करने के थोड़ी देर बाद ही घर से एक युवक निकला और उसे उखाड़कर अंदर ले गया।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिस समय पुलिस नोटिस चिपकाने गई थी तेजपाल घर में नहीं थे। गोवा पुलिस पहले जंगपुरा पुलिस चौकी में गई और वहां से पुलिसकर्मियों को साथ लेकर तेजपाल के घर पहुंची थी।
गोवा पुलिस टीम में करीब छह से सात पुलिस अधिकारी व कर्मी थे।