दुनिया के उद्योगपतियों को आकर्षित कर भारत को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए शनिवार को मुंबई में मेक इन इंडिया सप्ताह की शुरुआत हुई। लेकिन, इसके शुरू होने से पहले ही शिवसेना ने भाजपा पर निशाना साधा और कई तीखे सवाल किए। शिवसेना ने भाजपा सरकार को आगाह किया कि वह विध्वंसकारी विकास की जिद न करे।
बांद्रा कुर्ला कांप्लेक्स में मेक इन इंडिया सेंटर के उद्घाटन समारोह में शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे नदारद थे। दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार इस समारोह में शामिल हुए।
राजनीतिक हलकों में उद्धव ठाकरे की अनुपस्थिति को लेकर पहले से ही यह चर्चा है कि भाजपा ने जानबूझ कर शिवसेना अध्यक्ष को इस समारोह से अलग रखा।वहीं, शिवसेना ने अपने मुखपत्र के संपादकीय में मेक इन इंडिया पर भाजपा से
कई तीखे सवाल किए। शिवसेना ने कहा कि मुंबई-महाराष्ट्र की प्रगति में
शिवसेना का महत्वपूर्ण योगदान है।
महाराष्ट्र ने अब तक देश को भर-भर कर
दिया है लेकिन मुंबई को तो अब तक लूटा ही गया है। पिछले 50 साल में मुंबई
की छाती पर कई औद्योगिक समारोह हुए लेकिन मुंबई को उसमें अपना अधिकार पाने
के लिए सदैव संघर्ष करना पड़ा है। अब तक राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र
फडणवीस बड़े-बड़े प्रतिनिधिमंडल लेकर विदेश के दौरे कर रहे थे।