भाजपा के प्रचार के लिए मध्य प्रदेश के कई मंत्रियों ने काशी समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में डेरा डाल रखा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी आज वाराणसी पहुंचेंगे।
वह चौबेपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। एमपी के मंत्रियों की टीम का पूरा फोकस वाराणसी की आसपास की सीटों पर है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि मोदी का कद बरकरार रखने के लिए आसपास की सीटों पर भी बड़ी जीत जरूरी है। मध्य प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री अरविंद मेनन पिछले कुछ दिनों से काशी में ही कैंप कर रहे हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े मेनन एमपी से आने वाले मंत्रियों को गाइडलाइन दे रहे हैं। वाराणसी के इर्द-गिर्द की जिस सीट पर समीकरणों के हिसाब से जिसकी जरूरत महसूस की जा रही है, उन मंत्रियों को वहां लगाया जा रहा है। तेज-तर्रार युवा भाजपा नेताओं में शुमार मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पिछले दो दिन से चंदौली सीट पर महेंद्र नाथ पांडेय के पक्ष में युवाओं को एकजुट करने में लगे हैं।