नाबालिग से रेप मामले में जेल में बंद आसाराम के खिलाफ चारों ओर से शिकंजा कसता जा रहा है। अब आसाराम की शिष्या और सह-आरोपी शिल्पी ने भी कई खुलासे किए हैं।
छिंदवाड़ा गुरुकुल की वार्डन शिल्पी उर्फ संचिता गुप्ता इस समय पुलिस हिरासत में है। शिल्पी ने पुलिस के सामने दुष्कर्म मामले की साजिश रचने की बात स्वीकारी है।
शिल्पी ने पुलिस का बताया कि छात्रा से यौन दुष्कर्म एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया। पीड़िता पर जानबूझकर भूत-प्रेत का साया बताकर उसके बीमार होने की कहानी बनाई गई ताकि परिजन उसे आसाराम के पास लाएं और वह दुष्कर्म कर सके।
शिल्पी का कहना है कि उसने इसी साजिश को कामयाब बनाने के लिए प्रकाश के जरिए आसाराम से कई बार फोन पर बातचीत भी की थी। पुलिस के मुताबिक शिल्पी ने मामले से जुड़े लगभग सभी आरोपों को कबूल किया है।
पुलिस हिरासत में चार दिन की रिमांड के दौरान शिल्पी ने यह खुलासे किए हैं। उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाना है।
जांच के दौरान मेरठ में भी आसाराम की शिकार एक लड़की के होने की बात सामने आई थी। हालांकि, पुलिस को मेरठ में कोई सबूत हाथ नहीं लगा है।