शिक्षामित्रों का विरोध प्रदर्शन बृहस्पतिवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। दो शिक्षा मित्रों ने अपने खून से मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी को खत लिखा। एनसीटीई को निर्देश देने को कहा कि बिना टीईटी पास किए शिक्षा मित्रों का समायोजन वैध किया जाए।
खत में यह भी लिखा कि शासन और प्रशासन ने मामले का हल नहीं निकाला तो खून का खत नहीं शिक्षा मित्रों की लाशें भी प्राप्त होंगी। शिक्षा मित्रों ने शुक्रवार से स्कूलों में पढ़ाने का निर्णय किया है। काली पट्टी बांधकर वह पढ़ाएंगे। उसके बाद धरना देंगे। शुक्रवार को प्रधानमंत्री बनारस जा रहे हैं। वहां छह शिक्षा मित्रों का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलेगा।
हाईकोर्ट द्वारा सहायक शिक्षक पद पर शिक्षा मित्रों का समायोजन रद करने पर जिले में शिक्षा मित्रों का धरना प्रदर्शन चल रहा है। बृहस्पतिवार को कमिश्नरी पार्क में धरना जारी रहा। शिक्षा मित्र धर्मपाल शर्मा और प्रमोद कुमार विदूड़ी ने अपने खून से मानव संसाधन विकास मंत्री को खत लिखा।
गौरतलब है हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि बिना टीईटी पास समायोजित हुए शिक्षा मित्रों को एनसीटीई से मंजूरी मिलनी चाहिए थी। सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने के अलावा शिक्षा मित्र एनसीटीई से भी उम्मीद लगाएं हैं। शिक्षा मित्रों ने कलेक्ट्रेट में जाकर ज्ञापन भी दिया।
इसके अलावा तय किया गया कि शुक्रवार से सभी शिक्षा मित्र हाथ पर काली पट्टी बांधकर पढ़ाएंगे। फैसला आने के बाद से शिक्षा मित्र स्कूल में पढ़ाने नहीं जा रहे थे। पढ़ाने के बाद दोपहर एक से तीन बजे धरना देंगे। बीआरसी पर शिक्षा मित्रों का प्रदर्शन जारी रहेगा।