फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केजरीवाल ने साधा शीला सरकार पर निशाना

Sun, 21 Oct 2012 10:55 AM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो/इंटरनेट डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
बिजली व पानी जैसी बुनियादी जरूरतों को लेकर अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर से दिल्ली सरकार पर हल्ला बोला। मटियाला विधानसभा में राजपुर डेयरी के पास एक जनसभा में केजरीवाल ने कहा कि महंगाई के नाम पर सरकार जनता की रीढ़ तोड़ रही है। इसकी खिलाफत करना हम सबकी जिम्मेदारी है। अपने बिजली आंदोलन की तुलना महात्मा गांधी के आंदोलनों से करते हुए उन्होंने कहा कि हमें गांधी जी ने सिखाया है कि अगर कोई कानून गलत है तो अहिंसात्मक तरीके से उसका विरोध किया जाए।
विज्ञापन


बिजली कंपनियों पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि बिजली जोड़ने के हमारे काम की सजा कंपनियां आम लोगों को दे रही हैं। यह गलत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बिजली के बढ़े दाम जब तक कम नहीं होते हम सरकार को ललकारते रहेंगे। शीला दीक्षित को इसका जवाब देना होगा कि जब डीईआरसी के पूर्व अध्यक्ष बिजली के दाम घटाने की सिफारिश कर रहे थे तो मुख्यमंत्री ने बिजली के दाम बढ़ाने वाला आदेश क्यों पारित करवाया। शीला दीक्षित आम जनता की मुख्यमंत्री हैं या बिजली कंपनियों की।

एक नवंबर को फर्रुखाबाद जरूर जाएंगे
सलमान खुर्शीद के एनजीओ के भ्रष्टाचार और फर्रुखाबाद की रैली के बारे में उन्होंने कहा कि खुर्शीद भ्रष्टाचार भी करते हैं और इस भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने पर खून-खराबे की धमकी भी देते हैं। हम धमकी से डरने वाले नहीं हैं। एक नवंबर को फर्रुखाबाद जरूर जाएंगे।
विज्ञापन


बैकफुट पर केजरीवाल
भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता की आवाज बन चुके अरविंद केजरीवाल अपने साथियों पर लगे आरोपों से बैकफुट पर हैं। अंजलि दमानिया पर आरोप है कि उन्होंने किसानों की जमीन खरीदकर फायदे के लिए लैंडयूज बदलवाया। मयंक गांधी पर बिल्डरों से सांठगांठ का आरोप लगा तो प्रशांत भूषण पर हिमाचल में जमीन खरीद में अनियमितता का आरोप चर्चा में है।

अपने साथियों पर लगे भ्रष्टाचार और अनियमितता की जांच के लिए अरविंद केजरीवाल ने तीन रिटायर्ड जजों की एक कमेटी तो बना दी है। आरोपों की जद में आए टीम के सदस्यों ने भी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए जांच का स्वागत किया है। लेकिन जांच रिपोर्ट आने तक तीनों सदस्य को टीम से बाहर नहीं किया गया है, जबकि टीम अरविंद ऐसे मामलों में मंत्रियों के लिए जांच आने तक पद से हटने की सलाह देते रहे हैं।

सामने आए दोहरे मापदंड: कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि टीम केजरीवाल ने अजब कानूनी प्रक्रिया निकाली है। खुद ही मुजरिम, खुद ही मुखबिर, खुद ही मुंसिफ। उनके दोहरे मापदंड लोगों के सामने आ रहे हैं। जिसे आरोप और इलजाम का कारखाना कहा जाता है वो संगठन बौखलाया हुआ है। ये दोहरा चालचलन है।

पीएमओ के राज्यमंत्री वी नारायणसामी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने अन्ना हजारे की छवि का इस्तेमाल अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने के लिए किया। हम पहले ही कहते थे कि टीम अन्ना की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें