राष्ट्रगान के तथाकथित अनादर के मामले में कोच्चि की एक स्थानीय अदालत केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री शशि थरूर के खिलाफ अब 5 जनवरी को सुनवाई करेगी।
थरूर के वकील ने कोर्ट से संसद के शीतकालीन सत्र के समाप्त होने तक मामले की सुनवाई टालने की अपील की, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एम. मनोज ने मामले की सुनवाई की अगली तारीख 5 जनवरी तय कर दी।
थरूर के खिलाफ मामला मानवाधिकार कार्यकर्ता जय कैथारथ ने दर्ज कराया था। जय ने थरूर पर राष्ट्रीय सम्मान अधिनियम 1977 की धारा 3 (राष्ट्रगान का अनादर) के उल्लंघन का आरोप लगाया था। जय के अनुसार 16 दिसंबर, 2008 को फेडरल बैंक के एक कार्यक्रम में थरूर ने राष्ट्रगान के बीच में रुकावट उत्पन्न किया था।
जय के अनुसार थरूर ने राष्ट्रगान के बीच में ही माइक ले लिया और लोगों से कहा कि वे अमेरिकन स्टाइल में राष्ट्रगान का गायन करें। उन्होंने लोगों को सावधान की मुद्रा की बजाय दाहिने हाथ को बाईं ओर की छाती पर रखने को कहा था।