केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार की तबीयत रविवार को अचानक बिगड़ गई। बेचैनी महसूस होने की वजह से उन्होंने अपना सांगली का दौरा रद्द कर दिया।
पवार सांगली में समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव के साथ एक सभा को संबोधित करने वाले थे। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से पुणे ले जाया गया, जहां वे आराम कर रहे हैं।
एनसीपी सूत्रों के अनुसार रविवार को सांगली जाते समय कोल्हापुर में पवार को बेचैनी महसूस होने लगी। डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उन्हें आराम की सलाह दी।
कोल्हापुर में एक सभा को संबोधित करने के बाद पवार हेलीकॉप्टर से पुणे पहुंचे। फिलहाल वे यहां के शिवाजी नगर स्थित अपने आवास पर आराम कर रहे हैं।
सूत्रों ने कहा कि एनसीपी प्रमुख पवार हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद अपनी कार तक खुद चल कर गए। उन्हें सिर्फ बेचैनी हो रही थी और इसमें चिंता जैसी कोई बात नहीं है।
एनसीपी प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा है कि पवार की तबीयत अब ठीक है और वे अपने आवास पर आराम कर रहे हैं।