कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया समेत तमाम नेताओं ने एनसीपी नेता शरद पवार की तारीफ करते हुए कहा कि उनमें प्रधानमंत्री बनने के सारे गुण विद्यमान हैं।
पवार के 75वें जन्मदिन पर सिद्धारमैया ने कहा कि शरद पवार में पीएम बने की काबिलियत है क्योंकि वह देश के सबसे तजुर्बेकार और कामयाब नेता हैं।
वह चार बार मुख्यमंत्री रहने के साथ संसद और विधानसभा तक में रह चुके हैं। वरिष्ठ कांग्रेसी और पूर्व केंद्रीय मंत्री एमवी राजशेखरन ने पवार से कांग्रेस में लौटकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने की अपील की।
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने भी पवार को पीएम पद के योग्य करार देकर आने वाले दिनों में उनके पीएम बनने की कामना व्यक्त की। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा उपाध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने भी कहा कि पवार में प्रधानमंत्री बनने की योग्यता है।