बस कंडक्टर की बेटी ने पहले आईपीएस की परीक्षा पास की और अब एक साल बाद उसने सर्वश्रेष्ठ ट्रेनी के खिताब पर भी कब्जा कर लिया। यही नहीं उसने ट्रेनिंग कार्यक्रम में दिए जाने वाले लगभग सभी पुरस्कार भी झटक लिये। हिमाचल प्रदेश की शालिनी अग्निहोत्री को आईपीएस की 65वीं बैच का सर्वश्रेष्ठ ट्रेनी करार दिया गया है।
सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंड ट्रेनी ऑफिसर घोषित होने के नाते प्रधानमंत्री के प्रतिष्ठित बेटन और गृह मंत्री के रिव़ॉल्वर पर भी उनका कब्जा हो गया है।
अपनी उपलब्धियों की वजह से राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की मौजूदगी में सरदार बल्लभ भाई पटेल पुलिस एकेडमी में आयोजित पासिंग आउट परेड में वह सबके आकर्षण का केंद्र रहीं।
शालिनी ने पिछले साल सिविल सेवा परीक्षा में 285वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद इस साल वह 46 सप्ताह के ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल 148 सदस्यों में सर्वश्रेष्ठ घोषित की गईं। उन्होंने सर्वश्रेष्ठ ऑल राउंड महिला अफसर ट्रेनी की वंदना मलिक ट्रॉफी भी हासिल की।
बाहरी विषयों में सर्वश्रेष्ठ ट्रेनी को दी जाने वाली एलबी सेवा ट्रॉफी पर भी उनका कब्जा रहा। जांच के लिए दी जाने वाली अलका सिन्हा ट्रॉफी भी उनके नाम रही। यही नहीं पढ़ाई के अलावा दूसरी गतिविधियों के लिए दी जाने वाली जीएस आर्या ट्रॉफी पर भी शालिनी ने ही कब्जा जमाया।
साथ ही राष्ट्रीय एकता और अखंडता विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में दी जाने वाली गृह मंत्रालय की ट्रॉफी भी उनके नाम रही। शालिनी अग्निहोत्री को उनका होम कैडर हिमाचल ही दिया गया है। मंगलवार को पासआउट हुए 148 में से 136 आईपीएस से जुड़े हैं। पांच नेपाल पुलिस, चार रॉयल भुटान पुलिस और तीन मालदीव पुलिस सेवा के ट्रेनी हैं।