भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहनवाज हुसैन ने आजम खां को ‘बारूद’ की संज्ञा देते हुए कहा कि खास किस्म की भूमिका से वह और सपा समाज को तोड़ने का काम कर रहे हैं, जबकि भाजपा जोड़ने का।
इसी भूमिका के दम पर भाजपा यूपी के चुनाव में बेहतर करेगी और बिहार के नतीजों का उत्तर प्रदेश के चुनाव परिणामों या भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
बृहस्पतिवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने यहां आए शाहनवाज ने कुछ वक्त ‘अमर उजाला’ दफ्तर में गुजारा। इस दौरान हुई बातचीत में उन्होंने यह तो माना कि बिहार के मतदाताओं के मन को पढ़ने में भाजपा चूक गई लेकिन साथ ही दावा किया कि इससे यूपी के चुनाव पर असर नहीं पड़ेगा।
भरोसेमंद अंदाज में बोले, एक मैच हारने का अर्थ यह नहीं है कि आगे भी हारेंगे, भाजपा 4-2 के स्कोर से आगे चल रही है। ‘सबका साथ-सबका विकास’ यूपी के बेहतर चुनावी नतीजों का आधार होगा। आजम खां की समाज को तोड़ने की बारूद जैसी भूमिका कारगर नहीं होगी।