फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में पारा 1.9 डिग्री पर, यूपी में मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा

Sun, 06 Jan 2013 12:07 PM IST
नई दिल्ली/ इंटरनेट डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी है। दिल्ली में रविवार की सुबह पारा 1.9 डिग्री तक लुढ़क गया, जबकि उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर में पारा सामान्य से 6 डिग्री लुढ़ककर 0.3 डिग्री तक पहुंच गया।
विज्ञापन


राष्ट्रीय राजधानी में पिछले दो दिन से पारा 3.0 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। शुक्रवार को पारा 2.7 डिग्री तक गिरा तो शनिवार को यह 2.9 डिग्री रहा।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जफरपुर में तापमान 1.0 डिग्री और नजफगढ़ में 1.8 डिग्री तक जा पहुंचा था। एनसीआर और आसपास के जिलों में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहा।

पानीपत और झज्जर में पारा 2.0 डिग्री गिरा, जबकि सोनीपत, फरीदाबाद और गाजियाबाद में यह 3.0 डिग्री रहा। नोएडा में थोड़ी राहत रही। यहां न्यूनतम तापमान 4.6 रहा।
विज्ञापन


मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह भी कड़ाके की ठंड से राहत नहीं मिलेगी। 6 और 7 जनवरी को भी कोहरा रहेगा। उत्तर प्रदेश में ठंड से अब तक 140 लोगों की मौत हो चुकी है।

यूपी में पारा जमाव बिंदु पर
यूपी में सर्दी के सितम ने जीना मुहाल कर दिया है। सूबे में मुजफ्फरनगर सबसे सर्द रहा। यहां का पारा सामान्य से 6 डिग्री लुढ़ककर जमाव बिंदु के करीब जा पहुंचा। ये 0.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवाओं ने गलन और ठिठुरन बढ़ा दी। लोग सड़कों पर अलाव तापते तो देखे ही गए गलन ने घरों में भी लोगों को बेहाल किया। इसके अलावा प्रदेश में नजीबाबाद, आगरा, गाजीपुर और राजधानी लखनऊ सबसे सर्द रहे।

नजीबाबाद में दिन का न्यूनतम तापमान एक डिग्री रहा तो आगरा में ये 1.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। गाजीपुर में न्यूनतम पारा 1.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। तीनों ही जगह न्यूनतम तापमान में सामान्य से 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान 7 से 11  के बीच रिकॉर्ड किया गया।

ये सामान्य से 8-12 डिग्री तक कम रहा। जबकि राजधानी लखनऊ में भी लुढ़के पारे ने गलन और ठिठुरन से लोगों को बेहाल किया। लखनऊ का न्यूनतम तापमान दो डिग्री से नीचे लुढ़ककर 1.8 पर जा पहुंचा। ये सामान्य से 5 डिग्री कम रहा।

दिन भर चलने वाली बर्फीली हवाओं और धूप के न निकलने से दिन भर गलन बनी रही। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम 12.1 रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा प्रदेश में गोरखपुर में न्यूनतम तापमान 2.4, वाराणसी में 2.5, सुल्तानपुर में 3.0, इलाहाबाद में 3.1, फुर्सतगंज में 2.4, मेरठ में 2.7, बस्ती में 3.0, चुर्क में 3.6, कानपुर शहर और देहात में 2.7, इटावा में 3.2, फतेहगढ़ में 3.7, मुरादाबाद में 3.8,अलीगढ़ में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुये न्यूनतम पारे ने लोगों को हांड़ कंपाती ठंड में गलाया।

आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक अभी कड़ाके की ठंड और चल रही शीतलहरी से राहत के कोई आसार नहीं है। आगामी 36 घंटों के दौरान शीतलहरी का प्रकोप सूबे के पश्चिमी-पूर्वी इलाकों में और फैलेगा।

अवध में दस की मौत
कड़ाके की ठंड के चलते अवध प्रांत के जिलों में शुक्रवार रात से शनिवार शाम तक दस लोगों की जान चली गई। इनमें सबसे ज्यादा मौतें बहराइच जिले में हुईं जहां पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा बाराबंकी में तीन, फैजाबाद और अमेठी जिलों में एक-एक व्यक्ति के मारे जाने की सूचना है। वहीं, श्रावस्ती जिला सबसे ठंडा रहा। वहां का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री से. रिकॉर्ड किया गया।

38 से 40 घंटे देरी चल रही हैं ट्रेनें
कोहरे के कोहराम से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कोहरे ने ट्रेनों के साथ ही उड़ानों को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। कई ट्रेनें 38 से 40 घंटे देरी से चल रही हैं। वहीं, शाम को चलने वाली ट्रेनों को अगले दिन सुबह रवाना किया जा रहा है। एयरपोर्ट पर भी बुरा हाल है।

कोहरा के कारण शनिवार को 50 से अधिक ट्रेनें दो से 40 घंटे तक लेट चलीं। 16 ट्रेनों को निरस्त करना पड़ा, तो दो दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को बदले हुए समय से चलाया गया। कई ट्रेनों को शनिवार शाम की जगह रविवार सुबह रवाना करने की घोषणा की गई।

इसके चलते मुसाफिरों का सफर काफी कठिन हो गया। आनंद विहार से चलने वाली भागलपुर ट्रेन 38 घंटे लेट चल रही है, तो इस्लामपुर एक्सप्रेस 18 घंटे, रीवा 21 घंटे, नादेड़ 16 घंटे और सियालदाह अमृतसर 19 घंटे देरी से चल रही हैं।

यात्रियों की मुसीबत तब और बढ़ गई, जब उनकी ट्रेन रात के बजाय सुबह रवाना करने की घोषणा की गई। रीवा एक्सप्रेस को रात 9:15 बजे की जगह सुबह 7 बजे के चलाने की घोषणा की गई, तो वहीं आजमगढ़ एक्सप्रेस को रात 9:20 की जगह देर रात 1:50 बजे रवाना किया गया।

इसी तरह नई दिल्ली-कानपुर एक्सप्रेस तीन घंटे और विक्रमशिला 9 घंटे देरी से रवाना की गईं। तूफान आभा, जालंधर इंटरसिटी, आगरा कैंट इंटरसिटी, नॉर्थ-ईस्ट, महानंदा, दिल्ली-चंडीगढ़ समेत 16 ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया। उधर, कोहरे के कारण शनिवार को 34 उड़ानें प्रभावित हुईं। पांच विमान को निरस्त कर दिया गया, तो ग्यारह ने काफी देर से उड़ान भरीं।
विज्ञापन


और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें