निठारी के नरपिशाच सुरेंद्र कोली को मेरठ जेल में फांसी देने को लेकर तैयारी शुरू हो गई हैं। फांसी देने वाले जल्लाद पवन ने तैयारी पूरी कर ली है।
जल्लाद पवन ने सुरेंद्र कोली को फांसी देने के लिए क्या-क्या तैयारी की है। इसका एक्सक्लुजिव वीडियो अमर उजाला के पास है। वीडियो में जल्लाद पवन ने उस रस्सी को भी दिखाया जिससे सुरेंद्र कोली को फांसी दी जाएगी।
गौरतलब है कि डीआईजी जेल एके पंडा और वरिष्ठ जेल अधीक्षक एसएचएम रिजवी ने बताया कि कोली को फांसी देने के संबंध में अभी आधिकारिक आदेश नहीं मिले हैं, लेकिन हमारी तैयारी पूरी है।
निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली का डेथ वारंट जारी होने के बाद से उसे फांसी पर लटकाने की अटकलें तेज हो गई हैं।
जेल के अधिकृत जल्लाद पवन सिंह ने दोपहर के समय फांसीघर का निरीक्षण किया। उसने नट बोल्ट के साथ ही लीवर चेक किया। आसपास उगी घास हटवाने को कहा। वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने जल्लाद से किसी भी कमी को जल्द दूर करने को कहा है।
कांशीराम कॉलोनी का रहने वाला पवन पहली बार फांसी देगा। पवन का कहना है कि 1987 से वह अपने दादा कल्लू सिंह और पिता मम्मू सिंह के साथ फांसी देने के दौरान साथ रहता था।