पश्चिम बंगाल के मंत्री रछपाल सिंह अपने निजी सुरक्षा गार्ड से जूते का फीता बंधवाने के कारण विवादों में आ गए हैं। विपक्षी दलों ने रछपाल और उनके बहाने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तीखी आलोचना की है। विधानसभा में भी सोमवार को इस मुद्दे पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। उधर, मंत्री ने इस मामले में चुप्पी साध ली है।
पश्चिम बंगाल के योजना व विकास मंत्री रछपाल सिंह सोमवार सुबह राज्य सचिवालय में जानेमाने कलाकार रामकिंकर बेज को श्रद्धांजलि देने गए थे। बाहर आने पर उनका निजी सुरक्षा गार्ड उन्हें जूते पहनाने लगा। यह घटना वहां मौजूद स्थानीय चैनल के कैमरों में रिकार्ड हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाहर निकलने के बाद रछपाल सिंह खुद जूते पहनने को झुके, लेकिन उनके निजी सुरक्षा गार्ड के तौर पर तैनात पुलिस वाला तत्परता दिखाते हुए खुद उन्हें जूते पहनाने लगा। मंत्री ने उसे रोकने का कोई प्रयास नहीं किया। गौरतलब है कि रछपाल सिंह पूर्व आईपीएस हैं।