कांग्रेस के 131वें स्थापना दिवस के मौके पर कांग्रेस के खिलाफ उनके ही एक मुखपत्र ने विवादित लेख छापते हुए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और सोनिया गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाया था। मुंबई इकाई से छपने वाले इस मुखपत्र ने लिखा है कि अगर नेहरू ने पूर्व गृहमंत्री वल्लभभाई पटेल की बात मानी होती तो आज कश्मीर, चीन और तिब्बत जैसी समस्याएं देश के सामने नहीं होती। वहीं, मामले में बवाल मचने के बाद अखबार के संपादक सुधीर जोशी को बर्खास्त कर दिया गया है।
मिड डे ऑनलाइन के मुताबिक कांग्रेस के मुखपत्र 'कांग्रेस दर्शन' ने पार्टी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए साफ तौर पर कहा है कि नेहरू को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पूर्व गृहमंत्री सरदार पटेल की बात माननी चाहिए थी। मुखपत्र ने लिखा कि 'विदेश विभाग पं नेहरू का कार्यक्षेत्र था, लेकिन कई बार उप प्रधानमंत्री होने के नाते कैबिनेट की विदेश विभाग समिति में उनका जाना होता था। उनकी दूरदर्शिता का लाभ यदि उस समय लिया जाता तो अनेक वर्तमान समस्याओं का जन्म न होता।'
मुखपत्र ने यह भी लिखा कि 1950 में ही सरदार पटेल ने एक पत्र लिखकर तिब्बत के प्रति चीन की नीति से नेहरू को अवगत कराया था। उन्होंने लिखा था कि चीन का रवैया कपटपूर्ण और विश्वासघाती है। अगर चीन तिब्बत पर कब्जा कर लेता है तो इससे नई समस्याओं का जन्म होगा।