सुप्रीम कोर्ट के फैसले से संजय दत्त का दिल टूट गया है। निर्णय आने के बाद उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि वे ‘बेहद व्यथित’ हैं। मीडिया में जारी वक्तव्य में इस अभिनेता ने कहा, ‘मैंने बीते 20 साल में बहुत दर्द झेला है। डेढ़ साल मैं जेल में रहा हूं। यदि वे चाहते हैं कि मैं और तकलीफ उठाऊं तो मुझे मजबूत बनना होगा।’
संजय दत्त ने कहा, ‘मेरा दिल टूट गया है क्योंकि आज मेरे साथ मेरे तीन बच्चे, पत्नी और परिवार इस सजा को भुगत रहे हैं। मैंने हमेशा न्याय व्यवस्था का सम्मान किया है और आगे भी करूंगा। मेरी आंखों में आंसूं हैं।’
संजय दत्त की फिल्मों पर बॉलीवुड के 250 करोड़ रुपये दांव पर लगे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि मैं सभी फिल्में पूरी करूंगा और किसी को मंझधार में नहीं छोड़ूंगा।
उन्होंने कहा कि मेरे समर्थकों, प्रशंसकों, फिल्म इंडस्ट्री और मीडिया ने जिस तरह मेरा साथ दिया है उसके लिए मैं सबका आभारी हूं। मैं अपने दिल से जानता हूं कि मैं एक अच्छा आदमी हूं, व्यवस्था का सम्मान करता हूं और देश के प्रति वफादार हूं।
वक्तव्य में संजय दत्त ने कहा, ‘मेरा परिवार इस समय बेहद भावुक क्षणों से गुजर रहा है और मुझे उनके लिए खुद को मजबूत बनाना होगा। मैं बिखर गया हूं।’ उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कठिन समय में ईश्वर उन्हें राह दिखाएगा और इस दौर से बाहर निकालेगा।
गौरतलब है कि मुंबई ब्लास्ट मामले में सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को संजय दत्त को पांच साल की सजा सुनाई है। अदालत ने उन्हें चार सप्ताह के भीतर सरेंडर करने को कहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने आर्म्स एक्ट में दोषी ठहराए गए संजय दत्त की सजा छह साल से घटाकर पांच साल कर दी। टाडा कोर्ट ने उन्हें छह साल की सजा सुनाई थी।
संभव है कि संजय दत्त की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल की जाए और अगर उसे स्वीकार कर लिया गया तो शायद उन्हें चार हफ्ते की जगह पांच या छह हफ्ते की मोहलत मिल जाए। इससे ज्यादा उन्हें कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।