किसानों के हितों की दुहाई देते हुए खाद्य सुरक्षा विधेयक के विरोध में खड़ी सपा भी बृहस्पतिवार को लोकसभा में इसका गुणगान करती नजर आएगी। केंद्र सरकार ने बिल पर सपा की आपत्तियों को दूर कर दिया है।
केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रो. के वी थॉमस ने बुधवार को सपा प्रमुख मुलायम सिंह और उनके नेताओं को एक डोजियर भेजकर सरकार की ओर से बिल में किए गए संशोधनों से अवगत करा दिया है।
सरकार को उम्मीद है कि बृहस्पतिवार को विधेयक को संक्षिप्त चर्चा के बाद लोकसभा की मंजूरी मिल जाएगी।
यूपीए के रणनीतिकारों के मुताबिक सपा की आपत्तियों को दूर करने के साथ ही सरकार ने लोकसभा में बिल को पास कराने की कोशिश तेज कर दी है।
सपा को कोई गिला-शिकवा न हो इसके लिए थॉमस ने बिल के संशोधनों का पूरा खाका बनाकर भेजा है। सपा की हामी के बाद बिल को सदन में पास कराने के लिए सरकार के पास पर्याप्त आंकड़े हो गए हैं। अब सरकार बृहस्पतिवार को बिल पर सदन में चर्चा कराकर पारित कराने की कोशिश करेगी।
खाद्य सुरक्षा बिल पर यूपीए सरकार के साथ सपा, बसपा, जदयू जैसे दलों के आ जाने से विपक्ष की रणनीति धराशायी होती नजर आ रही है।
विपक्ष ने इस बिल पर कई संशोधनों का सुझाव दे रखा है। सभी संशोधनों को मिला दिया जाए तो इसकी संख्या 150 से अधिक होती है।
इसे मान पाना सरकार के लिए संभव नहीं है। सरकार ने सपा के कुछ सुझावों को मानते हुए बिल में संशोधन के प्रस्ताव संसद के पास भेज दिए हैं।