देश के कानून मंत्री सलमान खुर्शीद अरविंद केजरीवाल के लगाए गए आरोपों से इतना तिलमिला उठे है कि अपने पद की गरिमा का ख्याल भी उन्हें नहीं रहा है। यहीं कारण है कि केजरीवाल के तीखे सवालों से नाराज सलमान खुर्शीद ने उन्हें खुलेआम धमकी दे डाली है। अरविंद के फर्रुखाबाद जाने के मामले पर खुर्शीद इतने भड़क गए कि उन्होंने खुलेआम धमकी दी है कि अगर वह फर्रुखाबाद गए तो वहां से लौट नहीं पाएंगे।
अपने समर्थकों के साथ एक सभा को संबोधित करते समय खुर्शीद ने धमकी भरे लहजे में कहा कि 'बहुत दिनों से मैं कलम से काम कर रहा था लेकिन अब वक्त आ गया है कि कलम के साथ-साथ लहू से भी काम करूं।' इसके बाद उन्होंने कहा कि केजरीवाल कहते रहते है कि हम सवाल कर रहे है वह जवाब दें, मैं कहता हूं कि तुम जवाब सुनो और सवाल पूछना भूल जाओ।'
गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल ने सलमान खुर्शीद के एनजीओ जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट के माध्यम से विकलांगों का पैसा खाने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर केजरीवाल ने अपने विरोध को जारी रखते हुए खुर्शीद के खिलाफ उनके संसदीय क्षेत्र फर्रुखाबाद में जाकर आंदोलन करने की बात भी कही है।