बॉलीवुड के ऐसे कई नाम हैं, जो सियासी गलियारों से ताल्लुक तो रखते हैं, लेकिन इन गलियारों से गुजरने भर की बात से पर वे लोग कान पकड़ लेते हैं। अतीत के कुछ कड़वे अनुभव इसकी वजह हो सकते हैं।
इसके अलावा यह भी सच है कि फिल्मी दुनिया का कोई भी नाम राजनीति के अखाड़े में बहुत ऊंचाई तक कभी नहीं पहुंच पाया। ग्लैमरस चेहरे दिखाने के काम जरूर आए, लेकिन उससे ज्यादा कुछ नहीं।
लेकिन इस बीच बॉलीवुड का एक सितारा इन दिनों खुलकर राजनीति पर बोल रहा है। सबसे खास बात यह है कि वह किसी एक राजनीतिक दल की तरफ झुका नहीं दिखता। क्या भाजपा, क्या कांग्रेस और क्या आम आदमी पार्टी, सलमान खान बड़ी दबंगई से अपनी बात सामने रख रहे हैं।
सलमान खान की नेतागिरी
हालिया अतीत में सलमान खान ने कई बार देश के राजनीतिक घटनाक्रम पर अपनी राय सामने रखी है। दिल्ली के नए-नवेले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बारे अपना मत सामने रखना हो या फिर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पेंच लड़ाना, वह कभी झिझकते नहीं हैं।
सलमान खान साफ कर चुके हैं कि वह किसी राजनीतिक दल की झुकाव नहीं रखते और जो कोई उन्हें चुनाव प्रचार के लिए पैसा देगा, वह उसके लिए प्रचार करेंगे। इस पैसे का इस्तेमाल उनकी चैरिटी संस्था बीइंग ह्यूमन के जरिए दूसरों की मदद करने में इस्तेमाल होगा।
लेकिन बीते कुछ दिनों से वह बार-बार कुछ नेताओं को अपनी पसंद का बता रहे हैं। अखिलेश यादव सरकार के न्योते पर सैफई में ठुमके लगाना हो या इंदौर पहुंचकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफों के पुल बांधना, सलमान अब खुलकर बोल रहे हैं। इस फेहरिस्त में नया नाम जुड़ गया है।
करूंगा राहुल गांधी के लिए प्रचारः सलमान
सलमान खान ने कहा था कि अरविंद केजरीवाल को अभी खुद को साबित करना है। मोदी के बारे में उन्होंने कहा कि वह गुड मैन हैं, लेकिन वो चाहते हैं कि देश का पीएम वो बने, जो बेस्ट मैन हो।
अब सलमान ने कांग्रेस उपाध्यक्ष और पार्टी के सबसे बड़े चेहरे राहुल गांधी की तारीफ की है। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में सलमान खान ने कहा कि देश का हर राज्य समान है और सभी की अहमियत भी बराबर है।
बॉलीवुड स्टार ने नेताओं की सराहना की और यह भी कहा कि वे लोग देश के लिए काफी अच्छा काम कर रहे हैं। जाहिर है, नेताओं को सलमान की बातों से जरूर कुछ खुशी मिली होगी।
मोदी को मेरी जरूरत नहीं: सलमान
ऐसा कहा जा रहा था कि कांग्रेस राहुल को पीएम पद का दावेदार बनाएगी, लेकिन वह इससे ठीक एक कदम पहले रुक गई। यह साफ है कि राहुल गांधी के कंधों पर ही पार्टी आगामी चुनाव लड़ने जा रही है।
सलमान खान ने कहा कि बतौर नेता वह राहुल को पसंद करते हैं और जब कभी जरूरत होगी, वह उनके लिए चुनाव प्रचार करेंगे। मोदी के लिए प्रचार मामले में उन्होंने चतुराई से यूं कह दिया, "मोदी को गुजरात में मेरी जरूरत नहीं है। वह काफी लोकप्रिय है।"
हालांकि, उन्होंने मोदी का बचाव करते हुए कहा कि राज्य में उनकी लोकप्रियता और सपोर्ट गजब का है। इसलिए उन्हें मोदी के लिए प्रचार करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं राहुल गांधी को पसंद करता हूं। अगर वह मुझे कभी बुलाएंगे, तो मैं जरूर जाऊंगा।"
मोदी की तारीफ की वजह सलमान की आलोचना
सलमान खुर्शीद के बाद अब ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुसलमीन (एआईएमआईएम) सलमान खान के पीछे है। मोदी के साथ पतंग उड़ाना और उन्हें अच्छा शख्स बताने पर हैदराबाद की पार्टी खफा हो गई।
मोदी को औवेसी बंधु - असदुद्दीन और अकबरूद्दीन बेहद नापसंद करते हैं और इसकी वजह से उनकी संस्था का कहना है कि सलमान खान की आगामी फिल्म 'जय हो' न देखने जाएं।
चार दिन पहले एक सार्वजनिक सभा ने पार्टी अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असादद्दीन औवेसी ने सलमान खान पर गुस्सा उतारा और उन्हें केवल 'नाचने गाना वाला अभिनेता' करार दिया।
पतंगबाजी और नमो-नमो
सलमान मकर संक्रांति के मौके पर अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी के साथ पतंगों के पेंच लड़ा रहे थे, लेकिन पीएम पद पर राय देते वक्त उन्होंने गजब की चतुराई दिखाई। इससे पहले वह समाजवादी पार्टी के सैफई महोत्सव में ठुमके लगाने पहुंचे थे।
मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की महफिल में रंग जमाने के बाद वह मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ दिखे और उनकी खूब तारीफ की। साफ है। सलमान किसी गुट में शामिल नहीं हैं, लेकिन सभी के साथ 'लवस्टोरी की स्क्रिप्ट' लिखना चाहते हैं। यही वजह है कि सलमान खान अपने अंदाज से कई लोगों को सियासत की क्लास दे रहे हैं।
बॉलीवुड स्टार के सामने जब सवालों का अंबार लगा दिया गया, तो भी वह संभले रहे। जब उनसे पीएम के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि जो सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति है, वह देश का प्रधानमंत्री बनना चाहिए। और यह आपको तय करना है कि हमारे देश के लिए बेस्ट कौन है।"
शिवराज सिंह चौहान के विकास की तारीफ
सलमान खान ने केवल नरेंद्र मोदी की तारीफ नहीं की, बल्कि गुजरात से पहले वह मध्य प्रदेश के इंदौर शहर गए थे और वहां उन्होंने कहा कि राज्य ने बीते एक दशक में काफी विकास किया और श्रेय जाता यहां के मुख्यमंत्री को। सलमान खान ने वहां कहा कि वह किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करते, लेकिन उन लोगों का पूरा सहयोग करते हैं, जो अच्छा काम करते हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास के लिए काम किया है और यही वजह है कि उन्हें तीसरी बार मुख्यमंत्री चुना गया है।" सलमान ने यहां रुकमणी बाई से भी मुलाकात की, जो इंदौर में उनके पैदा होने के वक्त नर्स थीं।
इससे पहले वह सैफई महोत्सव में पहुंचे थे। सलमान से जब मुजफ्फरनगर के बारे में पूछा गया, तो इस बात पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव खफा हो गए। सलमान ने कहा कि वह इसलिए ऐसे कार्यक्रम में जाते हैं, ताकि पैसे लेकर जरूरतमंदों की मदद कर सकें।