बॉलीवुड के सितारों को एक बार फिर से अंडरवर्ल्ड की धमकियां मिलने की खबरें आ रही हैं। इस बार ये धमकियां रवि पुजारी की तरफ से मिलने की बात है। माना जाता है कि पुजारी ऑस्ट्रेलिया में रहता है।
सलमान खान और फरहान अख्तर समेत अभिनेत्री आयशा टाकिया के पति फरहान आजमी और फिल्मकार रितेश सिधवानी को पुजारी द्वारा धमकियां मिलने की खबर है। बताया गया है कि इन लोगों ने मुंबई क्राइम ब्रांच में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।
क्राइम ब्रांच के सूत्रों के अनुसार, पुजारी लंबे समय से इन लोगों को फोन कर रहा है। क्राइम ब्रांच के प्रमुख सदानंद दाते के अनुसार उन्हें हाल में ये शिकायतें मिली हैं। वे सलमान खान, फरहान अख्तर, फरहान आजमी और रितेश सिधवानी को जल्द ही अपने दफ्तर बुलाकर बात करेंगे।
फरहान आजमी के अनुसार उनके पास अक्सर ऐसे फोन आते हैं, जिसमें सामने वाला खुद को रवि पुजारी बताते हुए धमकियां देता है। जब पुलिस में इस बात की शिकायत की जाती है तो कुछ दिनों के लिए फोन बंद हो जाता है। मगर फिर कुछ समय बाद फिर शुरू हो जाता है।
इनसे पहले बोनी कपूर और करन जौहर भी धमकी भरे फोन कॉल्स की शिकायत पुलिस में कर चुके हैं।